)
झुंझुनूं जिले के धार्मिक स्थल लोहार्गल स्थित सूर्यकुंड में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुंड के पानी में करंट दौड़ने की सूचना सामने आई. सीकर जिले के पलसाना के पास गोविंदपुरा गांव से अस्थि विसर्जन के लिए आया एक परिवार यहां स्नान कर रहा था. इसी दौरान महिलाओं ने पानी में करंट महसूस होने की शिकायत की. एक महिला बेहोश हो गई, जबकि अन्य महिलाओं ने भी हल्के झटके महसूस होने की बात कही.
अस्थि विसर्जन के बाद स्नान कर रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, परिवार के करीब 30 से 35 सदस्य पांच वाहनों में लोहार्गल पहुंचे थे. अस्थि विसर्जन के बाद पुरुषों ने पहले कुंड में स्नान किया. परिजनों का कहना है कि पुरुषों को हल्का करंट महसूस हुआ था, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया.
इसके बाद महिलाएं स्नान करने लगीं. इसी दौरान दिनेश जांगिड़ की पत्नी पूजा को तेज करंट महसूस हुआ और वह बेहोश हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
महिला को अस्पताल में कराया भर्ती
परिजन पूजा को पहले लोहार्गल के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां से उसे चिराना सीएचसी रेफर कर दिया गया. चिराना सीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला का ब्लड शुगर, बीपी और अन्य जांच सामान्य मिलीं. महिला को दो से तीन घंटे अस्पताल में भर्ती रखकर ड्रिप चढ़ाई गई. उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई.
पूजा के पति दिनेश जांगिड़ ने आरोप लगाया कि कुंड में स्नान कर रहे परिवार के सदस्यों को करंट महसूस हुआ. उनके अनुसार, महिलाओं के चिल्लाने के बाद वहां मौजूद लोगों ने बिजली की सप्लाई बंद की. पत्नी की हालत बिगड़ने पर उन्होंने खुद उसे बाहर निकाला और निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया.
प्रशासन और डिस्कॉम के अधिकारी मौके पर पहुंचे
इसके बाद नवलगढ़ एसडीएम प्रांजल कंवर, अजमेर डिस्कॉम के एक्सईएन गिरधारीलाल वर्मा, एईएन नरेश सैनी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. डिस्कॉम के एईएन नरेश सैनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सूर्यकुंड के पानी में करंट होने जैसी कोई बात सामने नहीं आई. उन्होंने कहा कि घटना के समय बिजली की सप्लाई बंद थी. घटना के बाद सूर्यकुंड परिसर की जांच की गई, लेकिन करंट फैलने की संभावना से जुड़े हालात नहीं मिले. उन्होंने महिला के बेहोश होने का कारण कोई अन्य वजह होने की आशंका जताई.
स्वामी अवधेशाचार्य ने विद्युत व्यवस्थाएं सुधारने की बात कही
घटना की जानकारी मिलने पर स्वामी अवधेशाचार्य भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही वे सीकर से लोहार्गल आए और एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर स्थिति से अवगत कराया.
स्वामी अवधेशाचार्य ने छापोली में पूर्व में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से सबक लेना जरूरी है. आसपास बिजली के तार या अन्य ऐसी व्यवस्थाएं हैं, जिनसे खतरा हो सकता है तो उन्हें हटवाने की कोशिश की जाएगी. उन्होंने बताया कि सरपंच और प्रशासनिक अधिकारियों से इस संबंध में बात की गई है. हाईमास्ट लाइट और अन्य विद्युत व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो. उन्होंने कहा कि प्रशासन और पंचायत को मिलकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाली व्यवस्थाएं करनी चाहिए.
करंट की पुष्टि नहीं, तकनीकी जांच जरूरी
फिलहाल डिस्कॉम की प्रारंभिक जांच में सूर्यकुंड के पानी में करंट की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि परिजनों और अन्य लोगों ने करंट महसूस होने की शिकायत की है. ऐसे में तकनीकी जांच और विद्युत व्यवस्थाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है.