App

फेड के रुख से सोना ₹3000 और चांदी ₹5300 टूटी... और आएगी गिरावट या खरीदारी का सही समय? एक्सपर्ट से समझिए

सोने और चांदी में पिछले कुछ दिन से चल रही गिरावट का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा. आज सुबह से ही इंटरनेशनल मार्केट में बड़ी गिरावट देखी गई. इसका असर भारतीय बाजार में भी देखने को मिला. आगे निवेश को लेकर क्या है एक्सपर्ट की राय? आइए जानते हैं-

फेड के रुख से सोना ₹3000 और चांदी ₹5300 टूटी... और आएगी गिरावट या खरीदारी का सही समय? एक्सपर्ट से समझिए

शादियों का सीजन शुरू होने वाला है. काफी लोगों ने महंगे रेट की वजह से सोने-चांदी की खरीदारी नहीं की. ऐसे में यह खबर आपके काम की है. जी हां, बुधवार को इंटरनेशनल मार्केट में सोने और चांदी के दाम में बड़ी गिरावट देखी जा रही है. ग्लोबल मार्केट में मचे भूचाल और अमेरिकी फेड रिजर्व के सख्त रुख के कारण कीमती धातु की चमक फीकी पड़ गई. सोना गिरकर 14 महीने के निचले लेवल पर पहुंच गया है. चांदी के दाम में भी बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. इंटरनेशनल वायदा मार्केट कॉमेक्स (comex) पर सोना गिरकर 3,788 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 45.96 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करते देखी गई. इस गिरावट का असर घरेलू बाजार में भी देखने को मिल रहा है.

बुधवार सुबह बाजार में देखी जा रही भारी गिरावट का असर बुलियन मार्केट में भी देखा गया. घरेलू बाजार में बुधवार सुबह 24 कैरेट गोल्ड 2780 रुपये प्रति 10 ग्राम गिरकर 132,060 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है. 22 कैरेट प्योरिटी वाले गोल्ड की बात करें तो यह गिरकर 121,055 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. 18 कैरेट गोल्ड का रेट गिरकर 99,045 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. दूसरी तरफ, चांदी की बात करें तो इसमें भी बिकवाली हावी रही और 999 प्योरिटी वाली सिल्वर 5330 रुपये टूटकर 165,010 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई.

MCX पर क्या रहा सोने-चांदी का हाल

बात यदि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) की करें तो दिसंबर गोल्ड फ्यूचर्स 2978 रुपये गिरकर 131245 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इसी तरह दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 5457 रुपये की भारी गिरावट के साथ 164245 रुपये प्रति किलो पर ट्रेंड करते देखा जा रही है. राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट वाला सोना 1,31,850 रुपये प्रति 10 ग्राम पर और 22 कैरेट वाला सोना 1,20,863 प्रति रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है. मुंबई में 24 कैरेट सोने का दाम 1,32,080 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट का रेट 1,21,073 रुपये प्रति 10 ग्राम है.

IBJA पर भी दाम में भारी गिरावट

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलरी एसोसिएशन (IBJA) की तरफ से रोजाना दो बार सोने और चांदी के दाम जारी किये जाते हैं. IBJA की तरफ से बुधवार सुबह जारी किये गए रेट के अनुसार 24 कैरेट वाला गोल्ड गिरकर 131505 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. 22 कैरेट गोल्ड गिरकर 120459 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इसके अलावा 18 कैरेट सोने के दाम 98629 रुपये प्रति 10 ग्राम पर देखे गए. चांदी की बात करें तो यह करीब 5000 रुपये टूटकर 164506 रुपये प्रति किलो के लेवल पर आ गई.

आखिर क्यों गिर रहा सोना और चांदी?

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटीज एनालिस्ट मानव मोदी के अनुसार फेड रिजर्व के अधिकारियों के हालिया बयानों ने ब्याज दर में बढ़ोतरी किये जाने की उम्मीद को मजबूत कर दिया है. इसके अलावा, बढ़ती ट्रेजरी यील्ड और मजबूत डॉलर की वजह से बुलियन मार्केट पर लगातार दबाव बना हुआ है. शेयर बाजार में चल रहे करेक्शन के कारण निवेशकों ने दूसरे एसेट्स के नुकसान की भरपाई के लिए सोने-चांदी की बिकवाली शुरू कर दी है. इससे दाम में बड़ी गिरावट देखी जा रही है.

डॉलर इंडेक्स में कमजोरी से नीचे आया सोना

केडिया एडवाइजरी के अजय केडिया ने बताया कि दोनों कीमती धातुओं में 2026 की शुरुआती तेजी के बाद अब गिरावट का कारण मुनाफा वसूली, डॉलर का मजबूत होना और बॉन्ड यील्ड का बढ़ना है. अमेरिका-ईरान जंग से क्रूड महंगा हुआ और महंगाई की चिंता बढ़ गई. डॉलर इंडेक्स 103 से ऊपर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 5.15% पर पहुंचने से सोने-चांदी के प्रति आकर्षण कम हुआ है. दिसंबर में फेडरल रिजर्व की तरफ से ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद है, जिससे गोल्ड पर प्रेशर बढ़ गया है. सोना जनवरी के पीक 1.80 लाख रुपये से 25% से ज्यादा गिर गया है, वहीं चांदी 4.20 लाख रुपये प्रति किलो से 60% नीचे आ गई.

निवेश के लिए क्या हैं सलाह?

अजय केडिया ने बताया कि दिसंबर में फेडरल रिजर्व की तरफ से ब्याज दर बढ़ाए जाने की उम्मीद है. यह 25 से 50 बेसिस प्वाइंट तक हो सकती है. ब्याज दर बढ़ाए जाने की उम्मीद में सोना-चांदी नीचे जा रहा है. लॉन्ग टर्म की बात करें तो सोने के बेसिक्स मजबूत हैं. खासकर सेंट्रल बैंकों की तरफ से सोने खरीदे जाने से आने वाले समय में गोल्ड की मांग बनी रहेगी. बाजार में कंसोडिलेशन की जरूरत है. इतनी बड़ी गिरावट से धीरे-धीरे अच्छी खरीदारी का मौका बन सकती है. उनका कहना है सोने-चांदी में इस लेवल से कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है. लेकिन यह लेवल पर निवेश के लिहाज से अच्छा है.

शादी वालों के लिए क्या है सलाह?

इस सवाल पर अजय केडिया ने बताया कि शादी के लिए सोना खरीदने से पहले अपनी जरूरत को समझें कि आप खरीदारी खरीद खपत के लिए कर रहे हैं या निवेश के लिए. शादी की तैयारी करने वालों के लिए यह गिरावट गोल्ड ज्वैलरी खरीरने का अच्छा मौका है. सबसे निचला लेवल टच करने की उम्मीद में जरूरी खरीद को टालना आपको नुकसान दे सकता है. निवेश के लिए सोना-चांदी को पूरे पोर्टफोलियो का अहम हिस्सा नहीं बनाएं. रिस्क और टारगेट के हिसाब से 15–20% तक का अलोकेशन ठीक है. एक साथ पूरा पैसा न लगाकर एसआईपी की तरह व्यवस्थित तरीके से खरीद करें. ग्लोबल जियो-पॉलिटिकल अनिश्चितता के बीच कम से कम 12-18 महीने का नजरिया रखें.

पिछले दो साल में सोना-चांदी खरीदने वाले क्या करें?

अजय केडिया ने बताया कि जिन्होंने पिछले दो साल में खरीदारी की है, वे हालिया गिरावट देखकर पैनिक सेलिंग से बचें. जिन्होंने सोना-चांदी दो साल से पहले खरीदा होगा, उनके पास अभी भी अच्छा प्रॉफिट बुकिंग का ऑप्शन है. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार 2026 की तीसरी तिमाही में दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों ने 321 टन सोना खरीदा और गोल्ड ETF में 211 टन का निवेश हुआ. सिल्वर इंस्टीट्यूट के अनुसार 2026 में चांदी की ग्लोबल कमी 35 मिलियन औंस रहने का अनुमान है. इन आंकड़ों से साफ है कि हालिया उतार-चढ़ाव के बावजूद डिमांड खत्म नहीं हुई है. लॉन्ग टर्म का नजरिया रखने वाले निवेशक पोर्टफोलियो चेक करें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More