SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

DUSU चुनाव: संयुक्त सचिव पद पर जीत ABVP की हुई, लेकिन विशेष यादव की क्यों हो रही चर्चा; NSUI ने काटा था टिकट

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) चुनाव के नतीजे आ गए हैं और चार में से तीन पदों पर एबीवीपी ने जीत दर्ज की है. अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास ने कब्जा किया है, जबकि सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह ने जीत दर्ज की है, लेकिन इस बीच विशेष यादव की जमकर चर्चा हो रही है.

Written By Sumit Rai
Published: Sep 19, 2026, 05:22 PM IST | Updated: Sep 19, 2026, 05:37 PM IST
Join

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं और चार पदों की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो चुकी है. इस बार के नतीजों में कड़ी टक्कर के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अपना दबदबा कायम रखते हुए तीन पदों पर कब्जा जमाया है. अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह ने जीत हासिल की. वहीं, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बाजी मारी है.

संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के लक्ष्य राज सिंह ने जीत दर्ज की है, लेकिन इस बीच एक नाम की चर्चा नॉर्थ और साउथ कैंपस के हर कोने में हो रही है. वह नाम विशेष यादव का है, जिन्होंने समाजवादी छात्रसभा के समर्थन से संयुक्त सचिव पद पर चुनाव लड़ा था. विशेष यादव को महज 837 वोटों के अंतर से चुनाव में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन डीयू की राजनीति में 'कैंपस का हीरो' बनकर उभरे हैं.

कौन हैं विशेष यादव?

हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले विशेष यादव एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता सरकारी स्कूल में टीचर हैं और मां हाउसवाइफ हैं. वर्तमान में विशेष दिल्ली यूनिवर्सिटी के बौद्ध अध्ययन (Buddhist Studies) विभाग में पढ़ाई कर रहे हैं. ग्राउंड लेवल पर छात्रों के बीच लगातार सक्रिय रहने के कारण विशेष यादव की पकड़ सामान्य विद्यार्थियों के बीच काफी मजबूत मानी जाती रही है.

ये भी पढ़ें- कौन हैं DUSU के नए अध्यक्ष यश डबास? टेनिस कोर्ट से छात्र राजनीति तक का सफर, जानें पढ़ाई और मुद्दे

NSUI ने काटा था टिकट

डूसू चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत में विशेष यादव कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI से संयुक्त सचिव पद के लिए टिकट की उम्मीद लगाए बैठे थे. वे महीनों से कैंपस में छात्रों के मुद्दों पर संघर्ष कर रहे थे. हालांकि, आखिरी वक्त पर राजनीतिक समीकरण बदले और NSUI ने उनका टिकट काटकर गोपाल चौधरी पर भरोसा जताया.

टिकट कटने के बाद विशेष यादव ने किसी बड़े बैनर के बिना निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन दाखिल कर दिया. विशेष के इस जुझारू तेवर को देखते हुए बाद में अखिलेश यादव की पार्टी की छात्र इकाई 'समाजवादी छात्रसभा' ने उन्हें अपना आधिकारिक समर्थन दे दिया.

विशेष यादव ने दी कड़ी टक्कर

जब वोटों की गिनती शुरू हुई, तो संयुक्त सचिव पद का मुकाबला सबसे काफी रोमांचक रहा और कई राउंड तक विशेष यादव आगे चल रहे थे, लेकिन अंत में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, विशेष यादव ने न सिर्फ टिकट काटने वाली NSUI के उम्मीदवार गोपाल चौधरी को तीसरे नंबर पर धकेल दिया, बल्कि जीत दर्ज करने वाले ABVP के लक्ष्य राज सिंह को बेहद कड़ी टक्कर दी. वे सिर्फ 837 वोटों के मामूली अंतर से पिछड़ गए.

संयुक्त सचिव पद के लिए किसे कितने वोट?

लक्ष्य राज सिंह (ABVP): 16,615 वोट (विजेता)

विशेष यादव (समाजवादी छात्रसभा/निर्दलीय): 15,778 वोट

गोपाल चौधरी (NSUI): 15,206 वोट

क्यों खास है विशेष यह प्रदर्शन?

DUSU का चुनाव आमतौर पर भारी-भरकम बजट, बड़े-बड़े पोस्टरों और बड़े राजनीतिक दलों के समर्थन के दम पर लड़ा जाता है. इसके साथ ही चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के बीच टक्कर मानी जाती है. ऐसे माहौल में एक आम छात्र का निर्दलीय उतरकर 15,778 वोट हासिल करना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES