App

DUSU Election Result 2026: कौन हैं DUSU के नए अध्यक्ष यश डबास? टेनिस कोर्ट से छात्र राजनीति तक का सफर, जानें पढ़ाई और मुद्दे

DUSU चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए ABVP और NSUI के कैंडिडेट्स के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली. आखिर में ABVP के यश डबास ने बाजी मारते हुए NSUI को हराया.

DUSU Election Result 2026: कौन हैं DUSU के नए अध्यक्ष यश डबास? टेनिस कोर्ट से छात्र राजनीति तक का सफर, जानें पढ़ाई और मुद्दे
Image Credit: DUSU President Yash Dabas

DUSU President Yash Dabas: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 में अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला दिलचस्प रहा. जिसमें ABVP से यश डबास ने DUSU चुनाव में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की. वहीं इस बार NSUI ने अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा को टिकट दी. ABVP यश डबास और NSUI के विजय शंकर मीणा के बीच मुकाबला कड़ा देखने को मिला.  यश डबास ने 24576 वोट पाकर विजय शंकर मीणा को 2053 वोटों से हराया. विजय शंकर मीणा को 22523 वोट मिले. इसके साथ ही एक बार फिर से अध्यक्ष पद पर ABVP का दबदबा कायम है. 

मतगणना शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई थी. शुरू से ही बेहद रोमांचक आंकड़े आते रहे. अध्यक्ष पद के लिए ABVP और NSUI के कैंडिडेट्स के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली. फिर आखिरी कुछ राउंड में यश डबास ने बाजी मार ली. उपाध्यक्ष पद के लिए तो निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और धमाकेदार जीत दर्ज की है.

कौन हैं यश डबास?
यश डबास दिल्ली के कंझावला इलाके से आते हैं. ABVP ने 2026-27 के लिए अपने केंद्रीय पैनल में उन्हें अध्यक्ष पद के लिए उतारा है और उन्होंने जीत दर्ज पर परचम लहराया. 

इंटरनेशनल टेनिस खिलाड़ी रह चुके हैं यश डबास
छात्र राजनीति में सक्रिय होने से पहले यश डबास की पहचान टेनिस खिलाड़ी के तौर पर रही है. उन्होंने स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में आयोजित ITF प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है. इसके अलावा वह दिल्ली विश्वविद्यालय की यूनिवर्सिटी लेवल प्रतियोगिताओं, खेलो इंडिया और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भी भाग ले चुके हैं.

कितने पढ़े-लिखे हैं यश डबास?
यश डबास ने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है. इसके बाद उन्होंने DU के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई की. फिलहाल वह दिल्ली विश्वविद्यालय में बुद्धिस्ट स्टडीज की पढ़ाई कर रहे हैं.

मार्कशीट को लेकर भी हुआ विवाद
DUSU चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची सामने आने के बाद यश डबास की कथित मार्कशीट को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद हुआ. रिपोर्टों के मुताबिक, इस दस्तावेज को लेकर कुछ छात्र संगठनों ने उनके शैक्षणिक रिकॉर्ड पर सवाल उठाए. वहीं, ABVP ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे चुनाव से पहले उनकी छवि प्रभावित करने की कोशिश बताया. इस पूरे मामले में आरोप और संगठन का जवाब अलग-अलग दावों के रूप में सामने आया है.

छात्रों के लिए क्या हैं यश डबास के मुद्दे?
चुनाव अभियान के दौरान यश डबास और ABVP ने छात्र आवास, महिला सुरक्षा, परीक्षा व्यवस्था, छात्र भागीदारी और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी. ABVP के घोषणापत्र में सुरक्षित छात्र आवास, हॉस्टल और PG में सुरक्षा व्यवस्था, पिंक बूथ, सुरक्षा गश्त और शिकायत निवारण जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख है.

महिला सुरक्षा के तहत संगठन ने पिंक बूथ और सुरक्षा गश्त जैसे उपायों की बात कही है. वहीं छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास, बेहतर परीक्षा व्यवस्था, समय पर रिजल्ट, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर बढ़ाने का भी एजेंडा रखा गया है

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More