)
आम आदमी पार्टी के नेता और हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दीपावली पर दिल्ली का AQI 500 से 600 तक पहुंच गया है, सांस लेना मुश्किल हो गया है और मरीजों को न अस्पताल में जगह मिल रही है, न घर में राहत. सुशील गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चुनाव से पहले साफ दिवाली, साफ यमुना और साफ हवा का वादा किया था, लेकिन दोनों मोर्चे पर सरकार असफल रही है.
सुशील गुप्ता ने कहा, सबसे पहले मैं सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं. यह दीपावली सबके लिए मंगलमय हो. सभी स्वस्थ रहें, खुश रहें और प्रभु सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करें. दीपावली जैसे-जैसे आती है, दिल्लीवासियों को प्रदूषण का कहर झेलना पड़ता है.
उन्होंने कहा कि आज सरकारी वेबसाइट चाहे जो कहे, प्रदूषण 500 से लेकर 600 तक AQI पहुंच चुका है और सांस लेने में तकलीफ हो रही है. जो रेस्पिरेटरी समस्याओं से ग्रस्त मरीज हैं, उनके लिए न अस्पताल में जगह है, न घर में राहत. जाएं तो कहां जाएं? मैं केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार दोनों से प्रार्थना करूंगा कि दिल्लीवासियों के लिए इस प्रदूषण के जहर से मुक्ति की कोई योजना बनाएं.
कई इलाकों में AQI 400 पार
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाबी बाग में AQI 449 रहा, इसके बाद आरके पुरम में 448 और बवाना में 446 रहा. IIT दिल्ली और रोहिणी दोनों में 445 रहा. चांदनी चौक में 420, पटपड़गंज में 421 और अलीपुर में 413 रहा. ये सभी जगहें 'गंभीर' श्रेणी में रहीं.
इंडिया गेट के पास AQI 613
शहर के दूसरे हिस्से 'बहुत खराब' श्रेणी में रहा. नरेला में AQI 395 रहा, जबकि आनंद विहार में 328 रहा. इंडिया गेट के पास रीडिंग 398 रही. CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, अक्षरधाम मंदिर के आसपास AQI 336 रहा. बता दें कि रविवार को सुबह 8 बजे इंडिया गेट के पास AQI 613 दर्ज किया गया.
सुशील गुप्ता ने कहा कि आपने लाल कृष्ण आडवाणी के सौ वर्ष पूरे होने का जिक्र किया. मैं शुभकामनाएं देता हूं कि प्रभु उन्हें स्वस्थ जीवन और लंबी आयु दें. लाल कृष्ण आडवाणी एक समय भाजपा के शीर्ष नेता थे, पर उनके पास जो सम्मान और अधिकार था, वह उनसे छिन गया. अब जन्मदिन मनाएं, यही मेरी शुभकामनाएं हैं, मैं तो यही कह सकता हूं. परंतु जो बुजुर्गों का घर में सम्मान होना चाहिए था, उनका सम्मान तो जवानी में ही छिन लिया गया था.
उन्होंने कहा कि निस्संदेह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता यह आपकी ड्यूटी है, लेकिन ड्यूटी निभानी भी पड़ेगी. आप समझिए कि AQI 500 से 600 के बीच पहुंच गया है. अभी तो मशीनों में नापना भी बंद हो गया है, क्योंकि 500 से ऊपर की फिगर दर्ज नहीं होती, लेकिन स्थिति दिल्ली वाले झेल रहे हैं. दिल्ली वालों ने बहुत विश्वास के साथ आपको चुना था और जिम्मेदारी भी आपकी बनती थी.
आप नेता सुशील गुप्ता ने कहा कि आपने चुनाव से पहले वादा किया था कि दिल्ली में इस बार साफ दिवाली होगी. यमुना साफ करने की भी बात की थी और हवा साफ करने की भी बात की थी, परंतु दोनों जगह आप असफल रहे हैं.
उन्होंने कहा कि जब चुनाव था, तब पंजाब भी वहीं था, हरियाणा भी वहीं था, उत्तर प्रदेश भी था, राजस्थान भी वहीं था. आपको पता था कि प्रदूषण आ सकता है. फिर भी आपने वादा किया था कि दिल्ली को प्रदूषण-मुक्त हवा देंगे. जहां तक रिकॉर्ड की बात है, पंजाब के अंदर पराली जलना लगभग नगण्य हो गया है. पंजाब में किसानों को पराली से बाय-प्रोडक्ट बनाने के लिए इंसेंटिव भी दिया जाता है और वे बनाए भी जा रहे हैं. दूसरे राज्यों पर दोषारोपण बंद करें और दिल्ली के लोगों को राहत दें.
बाबरी मस्जिद को लेकर सोनिया गांधी की टिप्पणी पर आप नेता ने कहा कि दुनिया में जो देश धार्मिक कट्टरता की तरफ बढ़े हैं, वे बहुत तरक्की नहीं कर पाए. जो देश सेक्युलर रहे हैं, उनकी आर्थिक और सामाजिक तरक्की हमेशा होती रही है. जैसे परिवार के सारे सदस्य भाईचारे के रूप में काम करते हैं, वैसे ही देश के सभी नागरिक एक परिवार के रूप में काम करें तो निस्संदेह देश आगे बढ़ेगा.
उन्होंने कहा कि आज मंदिर और मस्जिद की लड़ाइयां छोड़कर देश में रोजगार की बात करनी चाहिए, देश के विकास की बात करनी चाहिए, देश में शिक्षा की बात करनी चाहिए और देश में चिकित्सा की बात करनी चाहिए.
(Input: आईएएनएस)