App

दिवाली पर बीकानेर में पसरा मातम! पति-पत्नी समेत 3 की मौत

बीकानेर में दिवाली पर दर्दनाक रेल हादसा हुआ. घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल हो गया. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद यह हादसा हुआ.

दिवाली पर बीकानेर में पसरा मातम! पति-पत्नी समेत 3 की मौत
Image Credit: एक विवाद ने छीन ली 3 जिंदगियां!

राजस्थान के बीकानेर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया. घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घटना जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र की है. हादसा रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ.

पति-पत्नी के विवाद के बीच रेलवे ट्रैक पर पहुंचे दो युवक
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों झगड़ते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंच गए. इसी दौरान वहां मौजूद दो युवक उन्हें बचाने के लिए रेलवे ट्रैक पर चले गए. बताया जा रहा है कि इसी बीच अचानक ट्रेन आ गई. ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हालांकि, हादसे के संबंध में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

हादसे के बाद मौके पर रुकी ट्रेन, पुलिस पहुंची 
घटना के बाद ट्रेन मौके पर ही रुक गई. रेलवे ट्रैक पर हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.

एक मृतक की पहचान, महिला और पुरुष की पहचान बाकी 
जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले एक व्यक्ति की पहचान संजीत मोधी निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई है. वहीं, मृतक पुरुष और महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है. इसके अलावा घायल युवक की पहचान को लेकर भी जांच की जा रही है.

घटनास्थल पर पहुंचे वार्ड-30 के पार्षद
हादसे की जानकारी मिलने पर वार्ड-30 के पार्षद अब्दुल सत्तार भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना की जानकारी ली. फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान, हादसे के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.एक मामूली विवाद के बाद हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी. 

Report-Raunak Vyas
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More