App

Chhath Puja पर 15-16 नवंबर के लिए दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन सड़कों पर रहेगा भारी जाम; देखें लिस्ट

छठ पूजा को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 15 और 16 नवंबर के लिए एडवाइजरी जारी की है. रविवार को 7-8 घंटे तक कालिंदी कुंज, सराय काले खां, चिराग दिल्ली और यमुना घाटों के आसपास कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है.

Chhath Puja पर 15-16 नवंबर के लिए दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन सड़कों पर रहेगा भारी जाम; देखें लिस्ट
Image Credit: AI IMAGE

दिल्ली में छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के लोगों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. 15 और 16 नवंबर को यमुना के अलग-अलग घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है. इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहने की आशंका जताई है. खासतौर पर यमुना घाटों की ओर जाने वाले रास्तों और उनके आसपास के इलाकों में ट्रैफिक के विशेष इंतजाम किए जाएंगे. ऐसे में इन दो दिनों के दौरान घर से बाहर निकलने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर चलें, ताकि जाम और ट्रैफिक की परेशानी से बचा जा सके.

छठ पूजा का पहला संध्या अर्घ्य, घाटों पर होगी भीड़ 
छठ पूजा के दौरान रविवार को पहला अर्घ्य यानी संध्या अर्घ्य दिया जाएगा. इसके लिए दोपहर से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो जाएगा. वहीं, सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा. इस दौरान भी बड़ी संख्या में लोग यमुना के विभिन्न घाटों पर पहुंचेंगे. श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई इलाकों में विशेष व्यवस्था की है.

दिल्ली की इन सड़कों पर रहेगा भारी जाम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से लेकर 16 नवंबर की सुबह 8 बजे तक राजधानी के कई प्रमुख मार्गों और उनके आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है. इस दौरान यमुना घाटों की ओर जाने वाले संपर्क मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. इसके अलावा श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण कुछ सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो सकती है.

इन प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहने की आशंका है:
- बुंध रोड
- वजीराबाद रोड
- विकास मार्ग
- आईपी एस्टेट एरिया की आंतरिक सड़कें
- यमुना घाट को जाने वाले सभी संपर्क मार्ग.

इन मार्गों से रोजाना सफर करने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. खासकर शाम के समय इन इलाकों में अतिरिक्त समय लेकर निकलना बेहतर रहेगा. ऑफिस, बाजार या अन्य जरूरी कामों के लिए जाने वाले लोगों को भी ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखकर घर से निकलना चाहिए.

संध्या अर्घ्य के दौरान दक्षिण दिल्ली में इन रास्तों पर रहेगी परेशानी
रविवार को छठ पूजा के पहले अर्घ्य के अवसर पर दक्षिण दिल्ली के प्रमुख घाटों और उनसे जुड़ी सड़कों पर दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है. इस दौरान कालिंदी कुंज, सराय काले खां, मिलेनियम पार्क और चिराग दिल्ली के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है.

1. कालिंदी कुंज और आसपास के इलाके
कालिंदी कुंज इलाके में शिव घाट और भोला घाट पर छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है. इसके चलते जीडी बिरला रोड, ओखला बैराज रोड और इको पार्क रोड पर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है. इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

2. सराय काले खां में इन रास्तों पर असर
सराय काले खां इलाके में जैन मंदिर घाट और पाल्टून पुल घाट के आसपास भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे. इसके चलते रिंग रोड (सराय काले खां), सन डायल, ओल्ड बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर और बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है.

3. मिलेनियम पार्क घाट और शेख सराय
मिलेनियम पार्क घाट, दशहरा ग्राउंड और शेख सराय के आसपास भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की आशंका है. यहां एलबीआस मार्ग (प्रेस एन्क्लेव रोड से चिराग दिल्ली फ्लाईओवर तक) पर यातायात प्रभावित रह सकता है. इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को पहले से वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रखने की सलाह दी गई है.

4. सतपुला पार्क और चिराग दिल्ली
सतपुला पार्क और चिराग दिल्ली के आसपास भी छठ पूजा के चलते यातायात प्रभावित रहने की संभावना है. यहां आउटर रिंग रोड पर चिरागी दिल्ली फ्लाईओवर से पंचशील फ्लाईओवर तक वाहनों की आवाजाही धीमी हो सकती है.

ट्रैफिक जाम से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
छठ पूजा के दौरान दिल्ली की सड़कों पर सामान्य दिनों के मुकाबले वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है. ऐसे में वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी का पालन करना चाहिए. घाटों के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन ले जाने से बचें और जहां ट्रैफिक प्रतिबंध लागू हों, वहां निर्धारित नियमों का पालन करें.

छठ पूजा के दौरान दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और आम लोगों को कम से कम परेशानी होने देना है. इसलिए 15 और 16 नवंबर को इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी पर ध्यान देना जरूरी होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More