)
तुषार श्रीवास्तव/लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है. पुलिस ने 11 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ शोषण और ब्लैकमेलिंग के आरोप में एक मौलाना को गिरफ्तार किया है.आरोपी की पहचान मंसूरनगर स्थित मस्जिद में बच्चों को तालीम देने वाले कारी इमरान के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार,आरोपी पर कुरान पढ़ाने की आड़ में पिछले करीब एक साल से नाबालिग छात्रा का शोषण करने का आरोप है. आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल किया, जिससे बच्ची डरी-सहमी रहती थी.
मामले की जानकारी चाइल्ड लाइन को गोपनीय सूचना मिली. चाइल्ड लाइन की टीम ने ये सूचना पुलिस के साथ शेयर की. प्रारंभिक जांच में तथ्य सामने आने के बाद सआदतगंज पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, POCSO एक्ट और IT एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है. पीड़िता को काउंसलिंग और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.
हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में मामूली रोडरेज के विवाद में दबंगों ने एक युवक को गोली मार दी. देर रात कार और बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्साए आरोपियों ने युवक के सीने में गोली दाग दी. घायल युवक को गंभीर हालत में गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में देर रात एक फाटक के पास कार और बाइक की भिड़ंत हो गई.इस टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साए एक युवक ने रसूलपुर गांव के रहने वाले परमजीत उर्फ पम्मी पुत्र स्वर्गीय गुड्डू पर फायरिंग कर दी. गोली सीधे परमजीत के सीने में जा लगी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि घायल परमजीत गाड़ी की सीट पर लेटा हुआ है और दर्द से बुरी तरह कराह रहा है.
वीडियो में आसपास मौजूद लोग उससे हमलावरों के बारे में पूछ रहे हैं, जिस पर घायल युवक बता रहा है कि हमलावरों के साथ कई लोग मौजूद थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गाजियाबाद रेफर कर दिया. फिलहाल घायल परमजीत का गाजियाबाद के एक अस्पताल में इलाज जारी है. वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.