)
हर्ष द्विवेदी/एटा: उत्तर प्रदेश में पुलिस और STF ने अलग-अलग कार्रवाई में दो 50-50 हजार रुपये के इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है. एक बदमाश एटा में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ, जबकि दूसरा गैंगस्टर मध्य प्रदेश के जबलपुर से पकड़ा गया.एटा से गिरफ्तार आरोपी बदमाश दीपक गिरी पर 22 मुकदमे दर्ज हैं. ये मुठभेड़ थाना अलीगंज क्षेत्र में हुई.दूसरी बड़ी कार्रवाई में यूपी STF और श्रावस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर नौशाद उर्फ मुन्ना को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया है.
यूपी के एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के मुताबिक, सुनार के साथ हुई लूट की घटना में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश दीपक गिरी बाइक से जा रहा था. पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने फायरिंग कर भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी. घायल बदमाश को गिरफ्तार कर एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
1 अवैध तमंचा
1 जिंदा कारतूस
2 खोखा कारतूस
चोरी की TVS स्पोर्ट बाइक
780 रुपये नकद
पुलिस के अनुसार, दीपक गिरी पर कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं. वह एक सुनार के साथ हुई लूट की घटना में वांछित चल रहा था.
दूसरी बड़ी कार्रवाई में यूपी STF और श्रावस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर नौशाद उर्फ मुन्ना को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया है. नौशाद काफी समय से फरार चल रहा था. वह गोंडा जिले के इमामबाड़ा मोहल्ले का रहने वाला बताया जा रहा है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
एटा में स्थानीय पुलिस ने मुठभेड़ के बाद इनामी बदमाश को पकड़ा, वहीं श्रावस्ती पुलिस और STF ने मध्य प्रदेश में दबिश देकर फरार गैंगस्टर को दबोचा. दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था.