)
ग्वालियर जिले के घाटीगांव जनपद की ग्राम पंचायत बरी स्थित आदिवासी बस्ती प्रेम नगर में पारंपरिक पूजा स्थल और भगवान धरती आबा बिरसा मुंडा मंदिर को लेकर विवाद सामने आया है. आदिवासी समाज के शिकायतकर्ता महेन्द्र ने कुछ स्थानीय व्यक्तियों पर पूजा-अर्चना में बाधा डालने और परेशान करने के आरोप लगाए हैं.
शिकायतकर्ता का कहना है कि बस्ती में वर्षों पुराने पारंपरिक पूजा चबूतरे पर आदिवासी समाज के लोग पीढ़ियों से अपनी परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से पूजा का अधिकार सुनिश्चित कराने और कथित रूप से बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, पुलिस की तरफ से कहा गया है कि संबंधित स्थल पर मूर्ति बिना अनुमति स्थापित की गई थी. पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है. अब इस विवाद में सभी की नजर पुलिस जांच पर है, जिससे पूजा-अर्चना में बाधा डालने के आरोपों और मूर्ति स्थापना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
दरअसल, आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन समेत पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले क्रांतिसूर्य भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती है. इस मौके पर पूरे देश में आदिवासी समाज जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रहा है. वहीं प्रदेश के कई शहरों में अलग-अलग कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं.
1. बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था.
2. बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के महानायक और स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख जनजातीय नेता थे.
3. उन्हें आदिवासी समाज भगवान बिरसा मुंडा और धरती आबा के नाम से पूजता है.
4. बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों और जमींदारों के शोषण के खिलाफ उलगुलान का नेतृत्व किया.
5. उन्होंने आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संगठित किया.
6. बिरसा मुंडा ने बिरसाई पंथ की स्थापना कर आदिवासी संस्कृति और पहचान की रक्षा का संदेश दिया.
7. 1894 के अकाल और महामारी के दौरान उन्होंने जरूरतमंदों की सेवा की.
8. उनके आंदोलन के प्रभाव से आदिवासी जमीन की रक्षा के लिए छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (CNT Act) लागू हुआ.
9. बिरसा मुंडा का 9 जून 1900 को रांची जेल में निधन हो गया था.
10. महज 25 साल की उम्र में उनका बलिदान उन्हें भारतीय इतिहास का अमर जननायक बना गया.
(रिपोर्टः करतार सिंह राजपूत)