App

भारत ने लंदन से फिर निकाला अपना 60 टन सोना, कैसे होती है शिफ्टिंग; RBI के प्लान का क्या है राज?

आरबीआई ने पिछले छह महीने के दौरान विदेशी तिजोरियों में रखे सोने में से 60 टन गोल्ड भारत मंगा लिया है. इसके साथ ही देश में रखा गोल्ड रिजर्व बढ़कर 740 टन पर पहुंच गया है. अब भारत का विदेशों में 140 टन गोल्ड बचा है.

भारत ने लंदन से फिर निकाला अपना 60 टन सोना, कैसे होती है शिफ्टिंग; RBI के प्लान का क्या है राज?
Image Credit: (AI) अब भारत का विदेशी तिजोरियों में 140 टन गोल्ड बाकी बचा है.

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने बड़ा कदम उठाते हुए पिछले 6 महीने के अंदर विदेशी तिजोरियों से 60.1 टन सोना भारत में शिफ्ट कर दिया है. आरबीआई की तरफ से यह कदम उठाए जाने के बाद भारत के कुल सोने का 84 फीसदी हिस्सा देश में ही सुरक्षित रखा हुआ है. केंद्रीय बैंक की अप्रैल-सितंबर 2026 की छमाही रिपोर्ट के अनुसार देश का गोल्ड रिजर्व 880.5 टन पर स्थिर बना हुआ है. लेकिन घरेलू भंडार सितंबर 2025 के 575.8 टन से बढ़कर सितंबर 2026 में 740.1 टन पर पहुंच गया है. इसके बाद बैंक ऑफ इंग्लैंड और BIS जैसे विदेशी वॉल्ट्स में रखा 290.4 टन गोल्ड घटकर 140.4 टन रह गया है.

क्यों उठाया गया यह कदम

दुनियाभर में बढ़ती जियोपॉलिटिकल टेंशन के बीच आरबीआई सोने की कस्टडी अपने पास रखना ज्यादा सुरक्षित मान रहा है. भारत के पास अब खुद के वर्ल्ड-क्लास वॉल्ट्स हैं, जिससे विदेशों में स्टोरेज फीस देने की जरूरत कम हो गई है. रिपोर्ट के अनुसार मार्च के 691.1 बिलियन डॉलर के मुकाबले सितंबर 2026 में देश का कुल फॉरेक्स रिजर्व बढ़कर 737.8 बिलियन डॉलर हो गया है. हालांकि, इंटरनेशनल लेवल पर सोने के दाम में 9 फीसदी की गिरावट और डॉलर की मजबूती के कारण कुल रिजर्व में सोने की हिस्सेदारी 16.7 फीसदी से घटकर 14.4 प्रतिशत रह गई है.

विदेश में क्यों रखा जाता है सोना?

पहले भारत का काफी सोना लंदन के बैंक ऑफ इंग्लैंड और स्विट्जरलैंड के बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट (BIS) की तिजोरियों में रहता था. लेकिन अब इसमें काफी कमी आई है. हो सकते हैं आप भी सोच रहे हो कि जब सोना भारत का है तो इसे लंदन या स्विट्जरलैंड के बैंकों में क्यों रखा जाता है? इसके पीछे लॉजिस्टिक्स और ट्रेडिंग के कुछ पुराने नियम हैं. दरअसल, लंदन का बुलियन मार्केट दुनियाभर का सबसे बड़ा गोल्ड ट्रेडिंग हब है. कोई भी देश जब इंटरनेशनल मार्केट से सोना लेता है तो उसे तुरंत अपने देश लाने में भारी ट्रांसपोर्ट चार्ज देना होता है. इसके साथ ही सिक्योरिटी रिस्क भी रहता है. इसके अलावा, यदि इमरजेंसी में पैसे की जरूरत होती है तो विदेश में रखे सोने को गिरवी रखकर तुरंत विदेशी मुद्रा जुटाना आसान होता है. यही कारण है कि ज्यादातर देश अपना कुछ सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड में रखते हैं.

देश में शिफ्ट क्यों किया जा रहा सोना?

सवाल यह है कि जब सब कुछ ठीक चल रहा था तो आरबीआई (RBI) ने अपना सोना भारत वापस लाने का फैसला क्यों किया? इसके दो कारण हैं-

  • जियोपॉलिटिकल टेंशन: पिछले कुछ साल के दौरान दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जंग और तनाव बढ़ा है. रूस और यूक्रेन के बीच जंग शुरू हुई तो पश्चिमी देशों ने रूस के विदेशी भंडार और सोने को फ्रीज कर दिया. इस कदम ने दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों को सोचने पर मजबूर कर दिया. हर देश को यह एहसास हो गया कि संकट के समय वही सोना काम आएगा जो आपके पास है.
  • बढ़ती आर्थिक ताकत : अब भारत के पास अपना सोना संभालने के लिए वर्ल्ड-क्लास सिक्योरिटी और आधुनिक वॉल्ट्स हैं. जब भारत के पास अपनी तिजोरी हैं तो विदेशों में स्टोरेज फीस देने की जरूरत नहीं है. आरबीआई का यह कदम दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों के उस नए ट्रेंड का हिस्सा है, जिसमें हर देश अपने गोल्ड की कस्टडी अपने पास रखना चाहता है.

कैसे शिफ्ट किया जाता है सोना?

जब दुनिया के किसी भी देश का सेंट्रल बैंक विदेशों से अपना सोना देश में शिफ्ट करता है तो यह पूरा प्रोसेस बेहद गोपनीय और हाई-सिक्योरिटी से लैस होता है. सुरक्षा कारणों से शिफ्टिंग की तारीख और रूट को सार्वजनिक नहीं किया जाता. कभी भी गोल्ड की शिफ्टिंग एक साथ नहीं की जाती, यह अलग-अलग खेप में ट्रांसफर किया जाता है. आइए जानते हैं पूरी शिफ्टिंग के 5 अलग-अलग चरण-

  • शिफ्टिंग से हफ्तों पहले कागजी कार्रवाई और कस्टम क्लियरेंस से जुड़ा काम पूरा किया जाता है.
  • विदेश में रखे सोने के बार्स (एक का वजन 12.5 KG) की जांच और उनका सीरियल नंबर नोट किया जाता है.
  • तिजोरी से एयरपोर्ट तक सोना ले जाने के लिए बुलेटप्रूफ और जीपीएस-ट्रैक्ड आर्मर्ड वैन इस्तेमाल होती है.
  • इस सोने को पानी के जहाज के बजाय हवाई मार्ग से लाया जाता है. फ्लाइट का टाइम और रूट पूरी तरह गुप्त रहता है.
  • एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद सोने को फिर से आर्मर्ड ट्रकों में लोड किया जाता है. इसे मुंबई के RBI ऑफिस में रखा जाता है.

आम आदमी के लिए मायने

कुछ लोगों का यह मानना है कि रिजर्व बैंक की तरफ से देश में सोना लाए जाने से बाजार में इसके दाम नीचे आ जाएंगे. यदि आप भी ऐसा ही सोच रहे हैं तो इसका एक ही शब्द में जवाब है, नहीं. यह गोल्ड मार्केट में बिक्री के लिए नहीं लाया गया, बल्कि यह देश की इकोनॉमी का सुरक्षा कवच है. लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से इसका फायदा हर भारतीय को मिलता है. जब किसी देश का केंद्रीय बैंक अपने सोने को सुरक्षित रखता है तो विदेशी निवेशकों का उस देश की इकोनॉमी पर भरोसा बढ़ता है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More