)
अंतरिक्ष की दुनिया में कदम रखने से पहले पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट मुहम्मद जीशान अली का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. पाकिस्तान के दूतावास ने चीन में फिल्माया गया करीब चार मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इसमें जीशान अपने पाकिस्तानी साथियों खुर्रम और हसनैन के साथ नजर आ रहे हैं.
वीडियो में एक खास सीन है, जिसमें जीशान और खुर्रम फूलों से भरे बगीचे में एक बेंच पर बैठे हैं. उनके आसपास स्पेस से जुड़े सामान की आकृतियां भी दिखाई देती हैं. इसी दौरान दोनों चीनी भाषा में एक गाना गाते नजर आते हैं. इस गाने का अंग्रेजी अनुवाद दोस्ती और उन भावनाओं से जुड़ा है, जो अलग-अलग भाषा बोलने वाले लोगों को भी एक-दूसरे से जोड़ती हैं.
यह वायरल वीडियो सिर्फ गाने तक सीमित नहीं है. इसमें चीन के एस्ट्रोनॉट सेंटर में हुई ट्रेनिंग, कल्चर और दोनों देशों के बीच मेलजोल दिखाने की कोशिश की गई है. वीडियो के जरिए दिखाया गया है कि अंतरिक्ष मिशन की तैयारी के दौरान एस्ट्रोनॉट किस तरह ट्रेनिंग लेते हैं और एक-दूसरे के साथ समय बिताते हैं. वीडियो का कुछ हिस्सा चीन के एस्ट्रोनॉट सेंटर में बनाया गया है. वीडियो में त्योहारों और सांस्कृतिक एक्टिविटी की झलक भी देखने को मिलती है. इस तरह इसे जीशान की अंतरिक्ष यात्रा से पहले की यादों और अनुभवों के तौर पर पेश करने की कोशिश की गई है.
जीशान अली ने बीते बुधवार को चीन के शेनझोउ अंतरिक्ष यान से अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी थी. इस मिशन में उनके साथ चीन के दो एस्ट्रोनॉट तांग होंगबो और वू यी भी मौजूद थे. भारतीय समय के अनुसार, सुबह 5 बजकर 48 मिनट पर लॉन्ग मार्च-2F रॉकेट ने गोबी रेगिस्तान में स्थित जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से उड़ान भरी. कुछ समय बाद शेनझोउ अंतरिक्ष यान अपनी तय कक्षा में पहुंच गया. चीनी अधिकारियों ने इस लॉन्च को पूरी तरह सफल बताया. इस मिशन के साथ जीशान चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन जाने वाले पहले विदेशी एस्ट्रोनॉट बन गए हैं. चीन ने पहली बार अपने मानवयुक्त स्पेस प्रोग्राम में किसी दूसरे देश के नागरिक को शामिल किया है.
Pakistani astronauts sing in the language of their Chinese friends. 🎶 A proud day for the nation, and a proud day for friendship. 🇵🇰🇨🇳🚀 @ForeignOfficePk @PkPublicDiplo @MoIB_Official @PTVNewsOfficial @RadioPakistan @PakTVGlobal https://t.co/7vEiZKyPnn
— Pakistan Embassy China (@PakinChina_) November 24, 2026
जीशान का इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था. रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट प्रोग्राम के लिए शुरुआत में करीब 200 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. कई चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद केवल दो नाम फाइनल राउंड तक पहुंचे. इनमें जीशान अली और खुर्रम दाऊद शामिल थे. दोनों पाकिस्तानी सेना से जुड़े थे. इसके बाद दोनों ने साल 2025 में चीन में एस्ट्रोनॉट ट्रेनिंग शुरू की. इस दौरान उन्हें स्पेसक्राफ्ट चलाने और उसके सिस्टम को समझने से लेकर इमरजेंसी की स्थिति से निपटने तक की ट्रेनिंग दी गई.
एस्ट्रोनॉट बनने के लिए सिर्फ टेक्नोलॉजी की जानकारी काफी नहीं होती. इसके लिए शारीरिक और मानसिक रूप से भी मजबूत होना पड़ता है. जीशान और खुर्रम की ट्रेनिंग में इमरजेंसी प्रक्रियाएं, मुश्किल हालात में खुद को सुरक्षित रखना, वैज्ञानिक प्रयोगों के नियम और फिटनेस से जुड़े कई कठिन अभ्यास शामिल थे. इतनी लंबी तैयारी के बाद भी अंतरिक्ष जाने वाले एस्ट्रोनॉट का नाम आखिरी समय तक तय नहीं हुआ था. रिपोर्ट के अनुसार, जीशान को मिशन पर जाने की अंतिम मंजूरी लॉन्च से सिर्फ एक दिन पहले मिली.
जीशान की अंतरिक्ष यात्रा को पाकिस्तान और चीन के रिश्तों के लिहाज से भी खास माना जा रहा है. चीन ने पहली बार अपने स्पेस स्टेशन के मानवयुक्त मिशन में किसी विदेशी नागरिक को जगह दी है. ऐसे में यह सिर्फ एक एस्ट्रोनॉट की उपलब्धि नहीं, बल्कि दोनों देशों के अंतरिक्ष सहयोग का भी बड़ा कदम है. इसी को देखते हुए पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट ने चीनी भाषा में दोस्ती का गाना भी गाया, जिससे लोगों को संदेश दिया जा सके कि चीन और पाकिस्तान की दोस्ती कितनी अच्छी है. चीनी भाषा में गाना गाने की वजह से जीशान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.