App

न कोई दोस्त, न परिवार... फिर भी विदेशी लड़की का बर्थडे बना यादगार: केक और गिफ्ट लेकर पहुंचे दिल्ली वाले; VIDEO वायरल

भारत घूमने आई एक विदेशी ट्रैवलर ने दिल्ली में अपना जन्मदिन मनाने के लिए सोशल मीडिया पर अनजान लोगों को बुलावा भेज दिया. उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतने सारे लोग सच में पहुंच जाएंगे. लेकिन दिल्ली के लोधी गार्डन में नजारा ही कुछ अलग था. कोई केक लेकर आया तो कोई फूल और मिठाइयां. देखते ही देखते अनजान लोग दोस्त बन गए और जन्मदिन की यह पार्टी यादगार बन गई.

न कोई दोस्त, न परिवार... फिर भी विदेशी लड़की का बर्थडे बना यादगार: केक और गिफ्ट लेकर पहुंचे दिल्ली वाले; VIDEO वायरल
Image Credit: @zoezannos | दिल्ली के लोधी गार्डन में अजनबी लोगों ने मनाया विदेशी ट्रैवलर जोई का जन्मदिन!

अकेले किसी अनजान देश में घूमना अपने आप में एक अलग अनुभव होता है. नए लोग, नई जगहें और हर दिन कुछ नया देखने का मौका. लेकिन दिल्ली घूमने आई विदेशी ट्रैवलर जोई (Zoe) के लिए भारत का सफर एक ऐसी याद लेकर आया, जिसकी शायद उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी.

जोई का जन्मदिन था और वह इसे अकेले नहीं मनाना चाहती थीं. ऐसे में उन्होंने एक अलग ही आइडिया सोचा. क्यों न दिल्ली के लोगों को ही जन्मदिन की पार्टी में बुलाया जाए? इसके लिए उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की और अनजान लोगों को मिलने का न्योता दे दिया.

200 लोगों ने दिखाई दिलचस्पी, फिर भी थी घबराहट

पार्टी शुरू होने से पहले जोई काफी एक्साइटेड थीं. उन्हें नहीं पता था कि कितने लोग आएंगे और क्या वाकई कोई अनजान शख्स अपना समय निकालकर उनके जन्मदिन पर पहुंचेगा. वीडियो में जोई बताती हैं कि करीब 200 लोगों ने पार्टी के लिए रजिस्ट्रेशन किया था. इनमें से लगभग 30 लोगों ने आने की पक्की बात कही थी. उनके लिए इतनी संख्या भी किसी बड़ी बर्थडे पार्टी से कम नहीं थी. उन्होंने पार्टी के लिए स्नैक्स और केक का इंतजाम किया था. सोशल मीडिया पर लोगों की सलाह के बाद दिल्ली के लोधी गार्डन को मिलने की जगह चुना गया.

कोई फूल लेकर पहुंचा तो कोई मिठाई

जब पार्टी का समय आया तो जोई की उम्मीद से कहीं ज्यादा लोग वहां पहुंच गए. सबसे खास बात यह थी कि कई लोग खाली हाथ नहीं आए थे. कोई रंग-बिरंगे फूलों का गुलदस्ता लेकर पहुंचा तो कोई जन्मदिन का केक लेकर आया. किसी के हाथ में डोनट्स थे तो कोई भारतीय मिठाइयां और समोसे लेकर आया था. कुछ लोग अपने घर का बना खाना भी साथ लाए थे. एक ऐसे इंसान के लिए, जिससे उनकी पहली मुलाकात होने वाली थी, लोगों का यह अपनापन जोई के लिए बेहद खास था.

 

 

केक काटने के साथ खूब हुई मस्ती

यह पार्टी सिर्फ केक काटने और गिफ्ट देने तक सीमित नहीं रही. वीडियो में लोग एक-दूसरे से बातें करते, हंसते और साथ में समय बिताते दिखाई देते हैं. कुछ लोगों ने मिलकर मैच बनाना भी सीखा और फिर सबने मिलकर गेम खेले. इस दौरान पारंपरिक भारतीय खेल खो-खो भी खेला गया. सोशल मीडिया पर एक-दूसरे से जुड़े लोग अब आमने-सामने बैठकर दोस्ती कर रहे थे. वहां मौजूद लोगों के बीच न कोई पुरानी पहचान थी और न ही किसी तरह की औपचारिकता.

भावुक होकर बोलीं- जिंदगी का सबसे अच्छा दिन

पार्टी में मिले प्यार और लोगों की मौजूदगी ने जोई को भावुक कर दिया. जब उनसे पूछा गया कि उन्हें कैसा लग रहा है तो वह अपनी खुशी छिपा नहीं सकीं. उन्होंने कहा कि यह मेरी पूरी जिंदगी का सबसे अच्छा दिन है. जोई ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में भी दिल्ली के लिए प्यार जताते हुए लिखा, 'आई लव यू, दिल्ली!' उनके लिए यह सिर्फ जन्मदिन की पार्टी नहीं थी, बल्कि भारत में मिले अपनापन और लोगों से जुड़ने का एक ऐसा अनुभव था, जिसे वह शायद लंबे समय तक याद रखेंगी.

 

 

सोशल मीडिया पर लोगों ने भी लुटाया प्यार

जोई का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने खूब प्यार दिया. कई यूजर्स ने पार्टी में पहुंचे लोगों की तारीफ की तो कुछ ने कहा कि भारत में अनजान लोगों को भी अपना बना लेने की खूबी है. एक यूजर ने लिखा कि यह नजारा देखकर उनकी आंखों में आंसू आ गए. वहीं दूसरे ने कहा कि भारत की सबसे अच्छी बात यही है कि यहां लोग बिना किसी खास वजह के भी दूसरों को अपनाने के लिए तैयार रहते हैं. एक अन्य यूजर ने जोई को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि भारत की इस खूबसूरत तस्वीर को दिखाने के लिए शुक्रिया. वहीं किसी ने इसे इंटरनेट पर देखी गई सबसे प्यारी घटनाओं में से एक बताया.

अनजान लोगों ने बना दी यादगार कहानी

दिल्ली में जोई का जन्मदिन इस बात की मिसाल बन गया कि खुशी मनाने के लिए हमेशा पुराने दोस्तों या परिवार का साथ होना जरूरी नहीं है. कभी-कभी अनजान लोग भी ऐसे पल दे जाते हैं, जिन्हें जिंदगी भर भुलाना मुश्किल होता है. भारत घूमने आई जोई ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को बुलाया था, लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ एक बर्थडे पार्टी नहीं मिली. उन्हें नए दोस्त, ढेर सारा प्यार और दिल्ली की ऐसी याद मिली, जिसे वह शायद अपने साथ हमेशा लेकर जाएंगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More