App

'अमेरिका पर लगे 25% जवाबी टैरिफ', ट्रंप के प्रस्ताव पर भड़के व्यापारियों ने पीएम को लिखा खत; 5 लाख लोगों के रोजगार पर असर का दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मे भारत समेत 14 देशों पर नया टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है. इस बीच सीटीआई ने केंद्र सरकार को एक चिट्ठी लिखरक जवाबी टैरिफ लगाने की अपील की है. सीटीआई का कहना है कि अमेरिका के इस फैसले से 48 अरब डॉलर का भारतीय निर्यात प्रभावित हो सकता है.

'अमेरिका पर लगे 25% जवाबी टैरिफ', ट्रंप के प्रस्ताव पर भड़के व्यापारियों ने पीएम को लिखा खत; 5 लाख लोगों के रोजगार पर असर का दावा
Image Credit: सीटीआई ने पीएम मोदी को पत्रलिखर की खास मांग. (फोटो- एआई)

अमेरिका ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है. हालिया खबरों में कहा गया कि अगर भारत ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील कर ली, तो यह टैरिफ 17 प्रतिशत होगा. अमेरिका की ओर से थोपे जा रहे एकतरफा टैरिफ पर भारत के व्यापारियों में नाराजगी है. व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेंड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने इस संबंध में केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखी है और अमेरिका पर भी जवाबी टैरिफ लगाने की अपील की है.

दरअसल, सीटीआई के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने गुरुवार (26 नवंबर) को एक वीडियो जारी किया और कहा कि भारत सरकार  को एक्सपोर्ट के लिए दूसरे देशों के विकल्प तलाशने चाहिए, जिससे अमेरिका के व्यापारियों को भी नुकसान पहुंचे. उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका भारत पर 25% टैरिफ लगाता है, तो अमेरिका से आयात होने वाले सामान पर भी भारत सरकार 25 प्रतिशत जवाबी शुल्क लगाए.

अमेरिकी राष्ट्रपति का प्रस्ताव क्या है?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार (25 नवंबर) को एक अहम ऐलान किया और दुनिया में हलचल मचा दी. ट्रंप प्रशासन ने भारत और चीन समेत दुनिया के 14 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं पर एक नए इंपोर्ट टैक्स लगाने का ऐलान किया. इन लिस्ट में अधिकांश एशियाई देश शामिल हैं. ऐसे में निर्यातकों की टेंशन बढ़ गई है. भारत पर इससे 25 प्रतिशत टैरिफ लगने का खतरा बढ़ गया है. हालांकि, अमेरिका का कहना है कि अगर भारत ट्रेड डील कर लेता है, तो 17 प्रतिशत टैरिफ लगेगा.

जवाबी टैरिफ लगाने की मांग

अमेरिका के इस प्रस्ताव पर सीटीआई के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने प्रतिक्रिया दी है और कहा कि व्यापिरियों ने पीएम नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर मांग कि है कि  जर्मनी, ब्रिटेन, सिंगापुर, मलेशिया जैसे देशों में इंजीनियरिंग गुड्स की डिमांड बढ़ती जा रही है, ऐसे में भारत को इन देशों में माल बेचने के लिए विकल्प तलाशने चाहिए. उन्होंने कहा कि अमेरिका या किसी भी देश की ऐसी धमकी से डरने की जरूरत नहीं है.

गोयल का कहना है कि मिनरल्स, महंगे रत्न, आभूषण, सिक्के, मेटल्स, न्यूक्लियर रिएक्टर्स और हवाई जहाज के उपकरण, इलेक्ट्रिकल उपकरण, ऑप्टिकल उपकरण, प्लास्टिक समेत कई सामान अमेरिका से भारत आता है, भारत को इन सब चीजों में अमेरिका की निर्भरता कम करनी चाहिए और दूसरे देशों के विकल्प तलाशने चाहिए. सीटीआई चीफ का कहना है कि अगर अमेरिका, भारत पर 25% टैरिफ लगाता है, तो भारत को भी अमेरिका पर 25% जवाबी टैरिफ लगाना चाहिए.

लाखों लोगों के रोजगार पर संकट

इसके साथ ही सीटीआई चीफ बृजेश गोयल ने कहा कि अमेरिका के 25% टैरिफ का भारत के टेक्सटाइल,  लेदर,  जेम्स एंड ज्वेलरी, ऑटो कंपोनेंट, केमिकल, फार्मा, सीफूड जैसे सेक्टरों पर बहुत बुरा असर पड़ेगा. इतना ही नहीं, कम से कम इससे देश में 5 लाख लोगों के रोजगार पर संकट पैदा हो सकता है. गोयल के मुताबिक, बढ़े हुए टैरिफ के चलते दूसरे देशों के मुकाबले में भारतीय माल अमेरिका में 25% तक महंगा हो जाएगा, जिसके कारण वहां के खरीददार भारत के मुकाबले में दूसरे देशों को तवज्जो देंगे.

व्यापारियों में किस पर कन्फ्यूजन?

वहीं, सीटीआई महासचिव रमेश आहूजा एवं गुरमीत अरोड़ा और उपाध्यक्ष राहुल अदलखा के मुताबिक, भारत अमेरिका को 53% फार्मास्युटिकल, 53% वस्त्र एवं परिधान, 37% रत्न और आभूषण, 28% ऑटो कंपोनेंट, 13% केमिकल, 22% सीफूड आदि का निर्यात करता है.

ऐसे में व्यापारी वर्ग में एक बड़ा कन्फ्यूजन है कि पहले से जो कंपनियां ऑर्डर ले चुकी हैं या जो माल रास्ते में है और आने या जाने में कुछ समय लगेगा, उनका क्या होगा. सीटीआई ने आंकड़ों के आधार पर बताया कि भारत ने 2024 में अमेरिका को 1.7 लाख करोड़ के इंजीनियरिंग गुड्स निर्यात किए थे. फिलहाल भारत से अमेरिका निर्यात किए जाने वाले सामानों पर 10 प्रतिशत का टैरिफ लगता है.

व्यापारियों का कहना है कि 25 फीसदी टैरिफ लगने के बाद कारोबार करना मुश्किल हो जाएगा. भारत ने अमेरिका को पिछले साल इलेक्ट्रोॉनिक्स गुड्स में 1.25 लाख करोड़ निर्यात किया था, अभी इस पर 0.41 प्रतिशत का टैरिफ लगता था. अब नए टैरिफ के हिसाब से इसकी कीमत भी बढ़ेगी, इस कारण इलेक्ट्रॉनिक कंपनियों का व्यापार भी प्रभावित होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More