)
China Secret Gold Buying Plan: एक तरफ पूरी दुनिया सोने के क्रैश होने से हैरान-परेशान है. निवेशकों के लाखों-करोड़ रुपये डूब रहे हैं. सोना अपने ऑल टाइम हाई से 31% से अधिक टूट चुका है, लेकिन इन सबके पीछे चीन पर्दे के पीछे अलग ही खेल खेल रहा है.
चीन सोने के पीछे हाथ धोकर पड़ा है. जब दुनियाभर में अमेरिका-ईरान युद्ध और कच्चे तेल के बढ़ते दाम से भूचाल आया हुआ था, चीन उस वक्त धड़ाधड़ लोग खरीदने में जुटा रहा. साल 2026 में चीन ने 209 अरब डॉलर का सोना खरीद लिया.
जनवरी से अक्टूबर के बीच चीन का गोल्ड इंपोर्ट उसके कुल आयात का करीब 8% पर पहुंच गया.आंकड़ों की बात करें, उससे पहले चीन की इस रणनीति को समझना जरूरी है. आखिर चीन इतना सोना क्यों खरीद रहा है? सोने के सहारे वो अपने ट्रोड सरप्लस को बैलेंस क्यों करना चाहता है? रियल एस्टेट क्राइसिस से जूझ रहा चीन सोने पर इतना फोकस क्यों बढ़ा रहा है? बात सिर्फ अमेरिकी डॉलर को चुनौती देने तक ही सीमित नहीं है. गोल्ड खरीदारी के पीछे ड्रैगन का सीक्रेट प्लान क्या है?
चीन दुनिया का सबसे बड़ा गोल्ड प्रोड्यूसर और कंज्यूमर है. 380 से 384 मीट्रिक टन सोने का उत्पादन करने वाला चीन उतनी ही तेजी से सोना खरीद भी रहा है.
दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन का ट्रेड सरप्लस रिकॉर्ड 1.19 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है. मतलब चीन दुनिया को ज्यादा सामान बेचता है, बदले में कम खरीदारी करता है. चीन के कुल आयात में गोल्ड की हिस्सेदारी बढ़कर 8% तक पहुंच चुकी है, जिसे वो और बढ़ाना चाहता है. गोल्ड के सहारे चीन अपने ट्रेड सरप्लस को कम करना चाहता है.
चीन का ट्रेड सरप्लस 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक का है. यानी चीन की अर्थव्यवस्था निर्यात पर निर्भर है. ये निर्भरता एक अदृश्य खतरा पैदा करती है. निर्यात पर बढ़ती निर्भरता चीन की अर्थव्यवस्था को बाहरी झटकों और व्यापारिक तनावों के लिए संवेदनशील बनाती है. मान लेते हैं कि अमेरिका, यूरोप या भारत के साथ संबंधों में खटास या विरोध के चलते निर्यात पर रोक लगा दी जाए, तो पूरी चीन की इकोनॉमी हिल सकती है.
इस निर्भरता को कम कर चीन घरेलू खपत को बढ़ाना चाहता है, ट्रेड टेंशन, टैरिफ जैसे खतरों को कम करना चाहता है. सोने का आयात बढ़ाकर वो अपनी इकोनॉमी को मजबूत करना चाहता है.
चीन अपने असंतुलित आर्थिक मॉडल को बदलना चाहता है. मैन्युफैक्चरिंग का पावर सेंटर बने चीन की इकोनॉमी निर्यात पर टिकी है, जो चीन के लिए खतरा बन रहा है. ट्रेड सरप्लस के बढ़ते दबाव के चलते राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पिछले हफ्ते रही APEC शिखर सम्मेलन में व्यापार नीति को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं, आयात शुल्क में कटौती करने का ऐलान किया, विदेशी कंपनियों के लिए बाजार खोलने की बात की.
चीन का ट्रेड सरप्लस साल 2025 में रिकॉर्ड 1.2 ट्रिलियन डॉलर के पार चला गया. अगर चीन बढ़-चढ़ कर सोना नहीं खरीदता, तो इस साल उसका ट्रेड सरप्लस 1.5 ट्रिलियन पर पहुंच गया होता. बड़े पैमाने पर सोने की खरीदारी कर चीन अपने ट्रेड सरप्लस को साल 2026 में 1.3 ट्रिलियन डॉलर पर रखने की कोशिश कर रहा है. सोने की खरीदारी कर वो अपने ट्रेड सरप्लस को करीब 20 हजार करोड़ डॉलर तक कम करने में सफल रहा है.
सोना बना चीन के लिए गेमचेंजर
काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस के जानकार और अमेरिका के पूर्व ट्रेजरी अधिकारी ब्रैड सेटर की माने, अगर चीन सोने का इंपोर्ट नहीं बढ़ाता, तो इस साल सितंबर में ही बीजिंग का ट्रेड सरप्लस 1 ट्रिलियन के पार चला जाता. साल 2026 के शुरुआती 10 महीनों में चीन का इंपोर्ट बिल 29% बढ़ा, जिसमें गोल्ड ने बड़ी भूमिका निभाई.
चीन मैन्युफैक्चरिंग कैपिटल तो बन गया, लेकिन डोमेस्टिक डिमांड गिरती चली गई. रिटायरमेंट की लंबी उम्र और सोशल सिक्योरिटी के अभाव में चीन में सेविंग्स रेट कंजम्पशन से ज्यादा है. चीन का एवरेज हाउसहोल्ड कंजम्पशन जीडीपी का 40% है, जबकि वर्ल्ड का एवरेज 60% और अमेरिका का 68% है. चीन की सेविंग्स ड्रिवन इकोनॉमी उसके घरेलू खपत को प्रभावित करती है. चीन की रियल एस्टेट उसकी सबसे बड़ी ताकत है. चीन के 70% लोगों का निवेश रियल एस्टेट में रहा है, लेकिन फिलहाल उसका ये सेक्टर मंदी के कगार पर है. ऐसे में चीन के लोग निवेश के दूसरे विकल्प के तौर पर सोने को चुन रहे हैं.
इसके अलावा डॉलर के खिलाफ अपना एक मजबूत सुरक्षा कवच तैयार कर रहा है. सोने से वो अमेरिकी डॉलर को चुनौती देने की ताकत तैयार कर रहा है. ये साफ है कि चीन यूं ही नहीं लगातार 23 महीनों से सोने की खरीदारी कर रहा है, बल्कि वो अपने 2,435 टन के गोल्ड रिजर्व को बढ़ाकर अपनी इकोनॉमी को बचाने की जुगत में लगा है. अगर यूं कहें कि सोना खरीदना उसकी मजबूरी बन चुका है.