)
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और सबके चहेते 'ही-मैन' धर्मेंद्र को इस दुनिया से गए आज पूरा एक साल हो गया है. 24 नवंबर के दिन ही उन्होंने आखिरी सांस ली थी, जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री और उनके करोड़ों फैंस गहरे सदमे में चले गए थे. मंगलवार को उनकी पहली पुण्यतिथि के मौके पर पत्नी और एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल नोट शेयर किया है. धर्मेंद्र के साथ बिताए खूबसूरत पलों की कई तस्वीरें पोस्ट करते हुए हेमा ने अपने दिल का दर्द बयां किया है.
अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में हेमा मालिनी ने लिखा कि पूरा एक साल बीत चुका है, लेकिन उनके जाने का दुख आज भी उतना ही गहरा है. हेमा ने अपने नोट में लिखा कि वह एक ऐसे इंसान को खोने का शोक मना रही हैं जो सिर्फ उनके पति नहीं थे, बल्कि उनका सब कुछ थे. हेमा के शब्दों में, धर्मेंद्र उनके सबसे अच्छे दोस्त, फिलॉसफर, गाइड, उनकी ताकत और संक्षेप में कहें तो उनका पूरा वजूद थे. उन्होंने आगे लिखा कि धर्मेंद्र के बिना अब जिंदगी बिल्कुल खाली सी लगती है.
धर्मेंद्र की शख्सियत को याद करते हुए हेमा मालिनी ने उनकी सादगी और अच्छाइयों का जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र का व्यक्तित्व बेहद विशाल था और उनके अंदर की अच्छाई हर किसी को अपना बना लेती थी. वह अपने जानने वाले हर शख्स से बेहद प्यार करते थे, जो उन्हें एक अनोखा इंसान बनाता था. हेमा ने इस बात पर जोर दिया कि कामयाबी की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचने के बाद भी धर्मेंद्र हमेशा जमीन से जुड़े रहे और अपनी जड़ों को कभी नहीं भूले.
A whole year has sped by but my grief has not lost its intensity😢 I grieve over the tremendous and irreparable loss of a man who was not just my husband - he was my everything - my friend, philosopher and guide who was my backbone and in short, was my very existence. Life seems so empty without him. HIs towering personality, his innate goodness that pervaded his whole being and spread his love towards all who knew him - such a unique human being who, though he reached the pinnacle of success, remained grounded and attached to his roots. The Bhagwad Gita tells us the soul is immortal and will be reborn. I am aware of this, but I am still here in this life, and I cannot but miss his loving presence. I thank all the millions of fans who have recalled this generous, lovely human being and sent such warm notes about Dharam ji and what he meant to them.🙏 Thank you all once again🙏
— Hema Malini (@dreamgirlhema) November 24, 2026
अपने पोस्ट के आखिर में हेमा मालिनी ने आध्यात्मिक पहलू को छूते हुए लिखा कि भगवद् गीता हमें सिखाती है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है. हेमा ने आगे कहा कि वह इस सच्चाई को जानती हैं, लेकिन चूंकि वह अभी भी इसी जीवन में हैं, इसलिए वह धर्म जी की प्यारी मौजूदगी को याद करने से खुद को रोक नहीं पाती हैं. इसके साथ ही हेमा ने उन लाखों फैंस का भी दिल से शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस नेक दिल इंसान को याद किया और धर्मेंद्र के प्रति अपने प्यार भरे संदेश भेजे.
गौरतलब है कि हेमा मालिनी और धर्मेंद्र ने साल 1980 में शादी की थी और उनकी दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं. धर्मेंद्र का निधन 89 साल की उम्र में मुंबई में हुआ था. अपने शानदार करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम करने वाले इस महानायक का अंतिम संस्कार मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में किया गया था, जहां लगभग पूरा बॉलीवुड उन्हें आखिरी विदाई देने पहुंचा था. उनकी याद में 27 नवंबर को मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में एक प्रार्थना सभा भी रखी गई थी.