)
RBI Repo Rate: महंगाई का नाम लेते ही आम आदमी की जेब ढीली होना तय है. पिछले कुछ महीने महंगाई के मार्चे पर आम आदमी को राहत भले ही मिल रही हो लेकिन अब इस यह फिर से परेशान कर रही है. जी हां, महंगाई पर लगाम लगाने के लिए ही आरबीआई ने पिछले दिनों रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट का इजाफा किया था. अब फिर से महंगाई बढ़ी तो इसको और बढ़ाया जा सकता है. महंगाई को लेकर देश के सबसे बड़े फंड हाउस में से एक एसबीआई म्यूचुअल फंड (SBI Mutual Fund) की तरफ से बताया गया कि देश में अगली तीन तिमाही यानी पूरे 9 महीने तक कंज्यूमर प्राइस इंफ्लेशन (CPI) 6% के करीब रह सकता है.
एसबीआई म्यूचुअल फंड के अनुमान का मतलब यह हुआ कि ग्रॉसरी से लेकर रोजमर्रा के सामान तक, पेट्रोल-डीजल से लेकर होम लोन की EMI तक हर चीज के महंगा होने की उम्मीद है. SBI म्यूचुअल फंड की तरफ से अनुमान जताया गया कि इन्फ्लेशन एवरेज 5.8% के आसपास रहेगा. लेकिन इस बात की भी आशंका है कि यह आंकड़ा 6% के आंकड़े पर भी जा सकता है. आइए जानते हैं वो तीन कारण, जिनकी वजह से SBI म्यूचुअल फंड ने यह अनुमान जताया है.
महंगाई बढ़ने का पहला कारण मौसम बताया जा रहा है. देश में खेती पूरी तरह से मानसून और मौसम पर निर्भर करती है. देश का मानसून सामान्य से 12.6% कम दर्ज किया गया. इसका असर खरीफ और आने वाली फसलों की पैदावार पर पड़ने की उम्मीद है. रिपोर्ट में चेतावनी दी गई कि जनवरी और मार्च 2027 के बीच मजबूत 'एल नीनो' (El Nino) के हालात बन सकते हैं. जब भी एल नीनो आता है तो तापमान बढ़ता है और बारिश का सिस्टम बिगड़ जाता है. अगर कृषि उत्पादकता गिरती है तो बाजार में अनाज, दालों और सब्जियों की सप्लाई घट जाएगी. सप्लाई घटने से फूड प्राइस ऊपर की तरफ जाने लगेगा.
पिछले कुछ समय से इनपुट कॉस्ट काफी बढ़ गई है. लेकिन कंपनियों ने ग्राहकों को राहत देते हुए तुरंत अपनी कीमत में इजाफा नहीं किया. लेकिन अब उनकी तरफ से उठाए गए इस कदम का असर ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है. कंपनियों की तरफ से पिछले कुछ महीने के दौरान इनपुट कॉस्ट का पूरा बोझ कस्टमर्स पर नहीं डाला गया. कंपनियां अपने प्रॉफिट मार्जिन को एडजस्ट करके काम चला रही थीं. SBI म्यूचुअल फंड का कहना है कि कंपनियां ज्यादा समय तक दाम को रोककर नहीं रख सकतीं. आने वाले महीनों में एफएमसीजी (FMCG), पैकेज्ड फूड, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और अन्य सेक्टर की कंपनियां को अपने प्रोडक्ट्स के दाम में इजाफा करना पड़ सकता है.
इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल की उठा-पटक हमेशा से देश में महंगाई तय करने का बड़ा फैक्टर रहा है. अगर इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम अगले 5-6 महीनों तक ऊंचे लेवल पर बने रहते हैं तो देश में पेट्रोल-डीजल के दाम फिर से बढ़ सकते हैं. जब भी तेल के दाम बढ़ते हैं तो ट्रांसपोर्टेशन और लॉजिस्टिक्स कॉस्ट बढ़ जाती है. डीजल महंगा होने से गाड़ियों का भाड़ा बढ़ेगा, मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की रनिंग कॉस्ट बढ़ेगी और इसका असर हर छोटी-बड़ी चीज पर देखा जाएगा.
महंगाई का बदलता मिजाज आरबीआई (RBI) को सख्त रुख अपनाने पर मजबूर कर सकता है. एसबीआई म्यूचुअल फंड की तरफ से अनुमान जताया गया कि आरबीआई महंगाई दर को कंट्रोल करने के लिए रेपो रेट में 75 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी कर सकता है. इससे रेपो रेट बढ़कर 6.25% तक पहुंच सकता है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि करीब 1% का रियल इंटरेस्ट रेट बनाए रखने के लिए पॉलिसी रेट का कम से कम 6.25% होना जरूरी है. RBI ने वित्तीय वर्ष 2027 के लिए कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) का अनुमान 5.2% रखा है. यह 4% के आइडियल टारगेट से काफी ज्यादा है. इसलिए आरबीआई को रेट कट करने के बजाय रेपो रेट बढ़ाने का रास्ता चुनना पड़ सकता है.