App

आंगनवाड़ी वर्कर्स की बल्ले-बल्ले! सैलरी में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे ₹12,000, सहायिकाओं को ₹6,000

ओडिशा सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय ₹10,000 से बढ़ाकर ₹12,000 और सहायिकाओं का ₹5,000 से बढ़ाकर ₹6,000 कर दिया है.

आंगनवाड़ी वर्कर्स की बल्ले-बल्ले! सैलरी में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे ₹12,000, सहायिकाओं को ₹6,000
Image Credit: अब आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को हर महीने ₹12 हजार । सोशल मीडिया

ओडिशा सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए कई बड़े वित्तीय लाभ और कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया है. इसके तहत उनके मासिक मानदेय में बढ़ोतरी की गई है, साथ ही एक्स-ग्रेशिया सहायता दोगुनी और रिटायरमेंट पर मिलने वाली आर्थिक मदद तीन गुना कर दी गई है.

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मासिक मानदेय, एक्स-ग्रेशिया भुगतान और रिटायरमेंट सहायता को बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा उन्हें पहले की तरह सालाना वित्तीय प्रोत्साहन भी मिलता रहेगा.

सरकार ने ये फैसला राज्य में महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और समग्र विकास में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान को देखते हुए लिया है.

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय ₹10,000 से बढ़कर ₹12,000

ओडिशा सरकार के नए फैसले के मुताबिक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये कर दिया गया है यानी अब उन्हें हर महीने 2,000 रुपये अधिक मिलेंगे. वहीं, आंगनवाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 5,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है. इस तरह उनके मासिक मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.

एक्स-ग्रेशिया सहायता दोगुनी, अब मिलेंगे ₹4 लाख

राज्य सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मिलने वाली एक्स-ग्रेशिया सहायता में भी बढ़ोतरी की है. पहले यह राशि 2 लाख रुपये थी, जिसे अब दोगुना करके 4 लाख रुपये कर दिया गया है. इस फैसले का उद्देश्य जमीनी स्तर पर काम करने वाले इन कर्मचारियों को अधिक वित्तीय सहायता और सुरक्षा प्रदान करना है.

रिटायरमेंट पर मिलने वाली सहायता तीन गुना बढ़ी

ओडिशा सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की एग्जिट पॉलिसी के तहत रिटायरमेंट के समय मिलने वाली आर्थिक सहायता को भी तीन गुना कर दिया है. नए प्रावधानों के मुताबिक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को रिटायरमेंट पर मिलने वाली सहायता 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर दी गई है. वहीं, सहायिकाओं के लिए यह राशि 50,000 रुपये से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये कर दी गई है.

पहले की तरह मिलते रहेंगे सालाना वित्तीय प्रोत्साहन

सरकार ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मिलने वाले सालाना वित्तीय प्रोत्साहन पहले की तरह जारी रहेंगे. ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि नए मानदेय और कल्याणकारी लाभ मौजूदा वित्तीय प्रोत्साहनों के अतिरिक्त होंगे.

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने राज्य में महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनके मुताबिक, सरकार का यह फैसला उनके समर्पण और सेवा भावना को सम्मान देने के साथ-साथ उनकी गरिमा और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया कदम है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More