)
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के चक्र में भारतीय टीम न्यूजीलैंड का सामना दो टेस्ट मैचों की सीरीज में कर रही है. वेलिंगटन में पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ और दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने के लिए भारत के लिए यह मुकाबला काफी अहम है. वह पहली पारी में शनिवार (28 नवंबर) को मैच के दूसरे दिन 240 रन पीछे है. ऐसे में हार का खतरा अभी से ही मंडराने लगा है और फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें भी धीरे-धीरे धूमिल हो रही हैं. ऐसे में भारतीय टीम के समीकरण को समझना काफी अहम हो जाता है.
आईसीसी की आधिकारिक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका के अनुसार, भारत अभी 12 मैचों में 72 अंक के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है. इसमें पांच जीत, चार हार और तीन ड्रॉ शामिल हैं. टीम इंडिया का प्वॉइंट्स परसेंटेज (पीसीटी) 50.00 है. यह 51.52 परसेंट से कम है, जब न्यूजीलैंड ने 23 नवंबर को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में आखिरी दिन बैटिंग करके ड्रॉ पर मजबूर किया था. उस मैच में भारत ने नौ विकेट पर 720 रन बनाकर पारी घोषित की थी. लंदन के द ओवल में जून 2027 में होने वाले फाइनल की रेस में भारत से आगे साउथ अफ्रीका (77.78 पीसीटी), ऑस्ट्रेलिया (69.23 पीसीटी), और न्यूजीलैंड (66.67 पीसीटी) हैं.
क्राइस्टचर्च में दूसरे दिन भारत ने पहली पारी में छह विकेट पर 116 रन बना लिए हैं. ऐसे में दूसरे टेस्ट में हार का खतरा मंडरा रहा है. टीम इंडिया अगर हारती है तो क्वालिफिकेशन का गणित बुरी तरह बिगड़ जाएगा. जीत पर 12 प्वाइंट्स, ड्रॉ पर चार प्वाइंट और हार पर 0 प्वाइंट मिलते हैं. हेगले ओवल में हारने पर भारत 13 टेस्ट में 72 प्वाइंट्स पर अटक जाएगा. इससे उसका पीसीटी 50.00 से घटकर 46.15 हो जाएगा. इसके उलट, जीत से न्यूजीलैंड के आठ मैचों में 68 प्वाइंट्स हो जाएंगे और उसका पीसीटी 66.67 से बढ़कर 70.83 हो जाएगा. इससे वह ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर आ जाएगा. भारत और टॉप दो टीमों के बीच का अंतर 23 परसेंटेज प्वाइंट्स से ज्यादा हो जाएगा.