App

पहले कट्टे बनते थे, अब ब्रह्मोस मिसाइल बन रही: अखिलेश पर सुधांशु त्रिवेदी का वार

कानपुर पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सपा शासन काल में माफिया पनप रहे थे.

पहले कट्टे बनते थे, अब ब्रह्मोस मिसाइल बन रही: अखिलेश पर सुधांशु त्रिवेदी का वार
Image Credit: File Photo

बृजेंद्र स्वरूप पार्क में पांच दिन चलने वाले हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला में आए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जब विधानसभा में माफिया को मिट्टी में मिलाने की बात कही गई थी, तब अखिलेश यादव उछलकर खड़े हो गए थे. इससे उसी वक्त साफ हो गया था कि कौन किसके साथ खड़ा है? उन्होंने कहा कि अब माफिया को पालने-पोसने वालों की हिम्मत टूट रही है और भले ही मन में कुछ और हो व बाहर कुछ और कहा जाए, लेकिन योगी सरकार के कानून-व्यवस्था के काम को अब सपा भी मानने को मजबूर है.

राज्यों का हिस्सा कम ज्यादा नहीं होगा

संसद के विशेष सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक-तिहाई हिस्सा देने और बदलते वक्त के हिसाब से संसद को नया रूप देने के लिए महिला आरक्षण और परिसीमन बिल आ रहे हैं. सीटों में 50% बढ़ोतरी के उदाहरण पर उन्होंने कहा कि यूपी में 80 से 120 और तमिलनाडु में 40 से 60 सीटें होने पर भी राज्यों का हिस्सा कम-ज्यादा नहीं होगा. अखिलेश के चुनाव वाले बयान पर सुधांशु ने कहा कि भाजपा के नारों में सिर्फ भारत माता की जय और वंदे मातरम् है तथा उसका सब कुछ देश के लिए है, जबकि अखिलेश का तन, मन और धन परिवार के लिए है.

सपा ने कांग्रेस को अपनी ताकत दिखा दी

सपा-कांग्रेस पर उन्होंने कहा कि 10 मिनट की मुलाकात में वे अलाउद्दीन और जलालुद्दीन खिलजी की तरह गले मिले जिनकी नजर गद्दी पर थी. इमरान मसूद, इकरा हसन, आजम खान व कांग्रेस की खींचतान के बीच यात्रा, सूची और घोषणापत्र से सपा ने कांग्रेस को अपनी ताकत दिखा दी, जबकि पहले दोनों एक-दूसरे को चालू और चिरकुट पार्टी कह चुके हैं.

मुख्यमंत्री भाजपा का ही बनेगा

नौकरी व कमीशन के आरोपों पर उन्होंने कहा कि पर्ची से नौकरी देने वालों और जिनके राज में काम ठप हुआ उन्हें खुद सोचना चाहिए, पहले कट्टे बनते थे और अब लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है व बाहर भेजी जा रही है. जिसे न दिखे तो आंखें दिखवाएं. उन्होंने पीडीए को आलू और असली मतलब पीट देगा अपराधी बताया, जबकि केशव प्रसाद मौर्य पर कहा कि कोई झगड़ा नहीं है, सीएम पद साफ है और विरोधी भी मान चुके हैं कि मुख्यमंत्री भाजपा का ही बनेगा.

(कानपुर से प्रवीन पांडेय की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source