App

BJP जहां एक बार आती है, वहां बार-बार आती है... डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा

समाजवादी पार्टी के प्रणपत्र को लेकर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हमला बोला है. उन्होंने दावा कि बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है.

BJP जहां एक बार आती है, वहां बार-बार आती है... डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा
Image Credit: File Photo

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने विपक्ष पर परिसीमन बिल का विरोध करने का आरोप लगाया. साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा किया. समाजवादी पार्टी के प्रणपत्र को ढकोसला पत्र बताते हुए कहा कि सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली. 2012 से 2017 तक अपनी सरकार के दौरान प्रदेश को अराजकता, गुंडई और भ्रष्टाचार में डुबोने वाले अब भयमुक्त, भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त प्रदेश करने का दावा कर रहे हैं. सपा के लोग मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं, इनका यह सपना सच होने वाला नहीं है. प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है.

बुंदेलखंड पहुंचे डिप्टी सीएम

दरअसल, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आज बुंदेलखंड के महोबा जिले के दौरे पर थे. इस दौरान डिप्टी सीएम चरखारी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक बृजभूषण राजपूत के चाचा और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत के भाई स्वर्गीय गिरजाचरण राजपूत के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. चरखारी पहुंचे डिप्टी सीएम ने दिवंगत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा.

सपा ने लोगों को गुमराह करने की कोशिश की

इस दौरान उन्होंने 2017 का जिक्र करते हुए कहा कि यहां की जनता ने 2017 में भाजपा को बुंदेलखंड की सभी 19 सीटें देकर बड़ा काम किया था. 2022 में भी यह दोहराया गया लेकिन 2024 में विपक्षी पार्टियों कांग्रेस और सपा द्वारा जनता को गुमराह करने का काम किया गया और हमारी सरकारों पर संविधान बदलने का आरोप लगा. वोटरों को भ्रमित कर भाजपा का नुकसान किया गया, जबकि हम लोग संविधान के विरोधी नहीं बल्कि संविधान के रक्षक हैं.

विपक्ष ने परिसीमन बिल का विरोध किया था

उन्होंने कहा कि पिछले सत्र में कांग्रेस और सपा सहित इंडी गठबंधन ने परिसीमन बिल का विरोध कर महिलाओं और देश के सभी प्रदेशों और लोकसभा में बढ़ने वाली सीटों का खुलकर विरोध किया था. बीते रोज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली कैबिनेट ने परिसीमन बिल को पास कर विशेष सत्र में एक बार फिर बिल पेश करने की पहल की है और मुझे उम्मीद है जिस तरीके से बयान आ रहे हैं इससे उम्मीद जाग रही है कि इस बार यह बिल पास हो जाएगा.

यूपी में विधानसभा की 600 सीटें हो जाएंगी

इसके बाद उत्तर प्रदेश में जहां 403 विधानसभा सीटें हैं, परिसीमान के बाद 600 और जबकि लोकसभा में 80 सीटों की जगह 120 सीटें हो जाएंगी. इसमें महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा. इसके अतिरिक्त महिलाएं आरक्षित सीटों के अलावा भी चुनाव लड़कर सदन में अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकेंगी.

'भाजपा जहां एक बार आ जाती है वहां बार बार आती है'

सपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने एक ढकोसला पत्र जारी किया है, जिसमें सरकार बनने पर प्रदेश को गुंडामुक्त करने का भरोसा दिलाया गया है. उन्होंने कहा कि क्या सपा की सरकार बिना गुंडों के चल सकती है? इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और आरक्षण की समर्थक है विरोधी नहीं. आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड जीत दर्ज कर लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी, क्योंकि भाजपा एक बार जहां आ जाती है वहां बार-बार आती है.

(महोबा से राजेंद्र तिवारी की रिपोर्ट) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More