App

रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा जख्म किसे दिया? RCB, CSK सहित सभी टीमों के खिलाफ 'हिटमैन' की कप्तानी का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कमान संभालने के लिए तैयार हैं. उनकी कप्तानी में फ्रेंचाइजी ने 5 बार आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा किया. आइए देखते हैं कि हिटमैन ने अपनी कप्तानी के दौरान सबसे ज्यादा जख्म किस टीम को दिया.

रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा जख्म किसे दिया? RCB, CSK सहित सभी टीमों के खिलाफ 'हिटमैन' की कप्तानी का रिकॉर्ड
Image Credit: रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा जख्म किसे दिया? (@mipaltan/X)

मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर अपने पुराने चावल पर दांव खेलने का फैसला किया है. फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार (27 नवंबर) को ये आधिकारिक घोषणा कर दी कि आगामी आईपीएल सीजन में रोहित शर्मा टीम की कमान संभालेंगे. 'हिटमैन' स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को रिप्लेस करेंगे, जो पिछले 3 सीजन से मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे थे, लेकिन अब पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं. रोहित की कैप्टेनसी में इस फ्रेंचाइजी का सफर शानदार रहा था. 2013 से लेकर 2020 के बीच मुंबई इंडियंस हिटमैन के नेतृत्व में 5 बार चैंपियन बनी.

आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस के साथ ट्रेड डील के जरिए हार्दिक पांड्या को टीम से जोड़ा और रोहित शर्मा से कप्तानी छीनकर उन्हें सौंप दी. इस फैसले पर काफी बवाल भी हुआ और नतीजे भी टीम के हक में नहीं आए. पिछले तीन सीजन से MI का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. अब फ्रेंचाइजी ने  छठी ट्रॉफी की तलाश में एक बार फिर रोहित को बड़ी जिम्मेदारी दी है.

रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा जख्म किस टीम को दिया?

बतौर कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल में सुपरहिट साबित हुए हैं. एमएस धोनी के साथ वो टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा 5 बार खिताब जीतने वाले कप्तान भी हैं. रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब अपने नाम किया था. दिग्गज कप्तान ने सबसे ज्यादा जख्म कोलकाता नाइट राइडर्स को दिया है. केकेआर के खिलाफ मुंबई इंडियंस ने रोहित की कप्तानी में 14 मुकाबले जीते हैं, जबकि सिर्फ 7 में हार का सामना करना पड़ा है.

दूसरे नंबर पर चेन्नई सुपर किंग्स

आईपीएल में जब मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होती है, तो इस मैच को 'एल क्लासिको' कहा जाता है. वैसे रोहित ने एमएस धोनी और CSK को जख्म देने में भी कोई कसर नहीं छोड़ा है. उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 12 मैचों में पटखनी दी है, जबकि 10 में हार झेलनी पड़ी है. CSK का दर्द इसलिए ज्यादा है, क्योंकि आईपीएल के फाइनल में 3 बार दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ है और तीनों बार बाजी रोहित शर्मा की मुंबई पलटन ने मारी है. हिटमैन के नेतृत्व में MI ने 2013, 2015 और 2019 में CSK को हराकर खिताब पर कब्जा किया था.

सभी टीमों के खिलाफ रोहित का रिकॉर्ड (बतौर कप्तान)

KKR के खिलाफ- 14 जीत, 7 हार
CSK के खिलाफ- 12 जीत, 10 हार (3 बार फाइनल में हराया)
SRH के खिलाफ- 12 जीत, 9 हार
DC के खिलाफ- 11 जीत, 9 हार
पंजाब किंग्स के खिलाफ- 11 जीत, 9 हार
RCB के खिलाफ- 11 जीत, 8 हार
RR के खिलाफ- 10 जीत, 6 हार
GT के खिलाफ- 2 जीत, 2 हार
LSG के खिलाफ- 1 जीत, 3 हार

रोहित शर्मा का कप्तानी रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने 158 IPL मैचों (2013–2023) में मुंबई इंडियंस की कप्तानी की है, जिसमें उन्होंने 87 जीत, 67 हार और 4 टाई (सुपर ओवर सहित) दर्ज किए हैं. उनका जीत प्रतिशत 55.06 का है. रोहित अभी तक 6 आईपीएल ट्रॉफी जीत चुके हैं, 5 मुंबई इंडियंस के साथ और एक डेक्कन चार्जर्स की तरफ से (2009) में जो उनकी पहली आईपीएल टीम थी. 2011 में उन्हें मुंबई इंडियंस ने खरीदा और उसके बाद से इसी टीम का हिस्सा हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More