)
यदि आप अगले 25 साल में रिटायर होने का प्लान कर रहे हैं तो आपको अपने रिटायरमेंट कॉर्पस पर अभी से फोकस करना होगा. रिटायरमेंट कॉर्पस तैयार करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) दोनों ही बेहतर ऑप्शन हैं. हालांकि, निवेशकों के मन में अक्सर यही सवाल रहता है कि बेहतर रिटर्न और सुरक्षित भविष्य के लिए दोनों में से किसे चुना जाए. फाइनेंशियल मामलों से जुड़े जानकारों का कहना है कि इस सवाल का जवाब किसी एक ऑप्शन में नहीं, बल्कि दोनों के बैलेंस्ड यूज में छिपा हो सकता है.
ईपीएफ संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए भरोसेमंद और ज्यादा सुरक्षित निवेश का ऑप्शन माना जाता है. इसमें कर्मचारी और एम्पलॉयर दोनों का कॉन्ट्रीब्यूशन होता है. इस पर सरकार की तरफ से तय ब्याज दर के अनुसार रिटर्न मिलता है. ईपीएफ की सबसे बड़ी विशेषता स्थिरता और अपेक्षाकृत कम रिस्क माना जाता है. यही कारण है कि रिस्क लेने से बचने वाले निवेशकों के बीच ईपीएफ को काफी पसंद किया जाता है. हालांकि, इसकी एक लिमिट यह भी है कि इसमें शेयर बाजार से जुड़ी तेज ग्रोथ का फायदा मिलता रहता है.
अब बात यदि एनपीएस की करें तो यह पूरी तरह अलग मॉडल पर काम करता है. इसमें निवेश की राशि को इक्विटी, कॉरपोरेट बॉन्ड और सरकारी बॉन्ड जैसे मार्केट बेस्ड साधनों में लगाया जाता है. इसलिए लॉन्गटर्म में इसमें बेहतर रिटर्न की संभावना रहती है. खासकर 20 से 25 साल या उससे ज्यादा समय का निवेश करने वाले निवेशकों को बाजार के उतार-चढ़ाव का फायदा मिल सकता है. हालांकि, एनपीएस का रिटर्न निश्चित हीं होता और इसमें बाजार की परिस्थितियों के अनुसार उतार-चढ़ाव आता रहता है. जानकारों का कहना है यदि किसी शख्स के पास 25 साल तक इन्वेस्टमेंट का समय है तो स्थिरता या केवल ग्रोथ पर ध्यान देने के बजाय दोनों के बीच बैलेंस बनाना ज्यादा समझदारी हो सकती है.
जानकारों ने बताया कि ऐसे निवेशक ईपीएफ को अपने रिटायरमेंट फंड का मजबूत और सुरक्षित बेस बना सकते हैं, जबकि एनपीएस के जरिये अतिरिक्त ग्रोथ की संभावना जोड़ सकते हैं. उदाहरण के लिए एक सैलरीड कर्मचारी अपनी रेगुलर ईपीएफ कटौती को जारी रखते हुए हर महीने एनपीएस में भी एक्स्ट्रा निवेश कर सकता है. ऐसा करने से उसका रिटायरमेंट फंड केवल एक साधन पर डिपेंड नहीं रहेगा और रिस्क बेहतर तरीके से मैनेज हो सकेगा. ईपीएफ आपके निवेश की सिक्योरिटी और स्थिर रिटर्न देता है. वहीं, एनपीएस लॉन्ग टर्म में बाजार से जुड़ी ग्रोथ का मौका देता है.
फाइनेंशियल एक्सपर्ट के अनुसार किसी भी तरह के निवेश से पहले अंतिम फैसला किसी शख्स की आमदनी, उम्र, रिस्क लेने की कैपेसिटी और उसके फाइनेंशियल टारगेट पर निर्भर करता है. यदि किसी निवेशक की प्रियोरिटी पैसे की सुरक्षा है तो ईपीएफ बेहतर शुरुआती विकल्प हो सकता है. यदि वह लॉन्ग टर्म के लिए निवेश कर रहा है और बाजार के उतार-चढ़ाव को सहन कर सकता है तो एनपीएस उसके पोर्टफोलियो में अहम भूमिका निभा सकता है. (इनपुट IANS)