SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ईंधन की महंगाई से बेहाल लुफ्थांसा, 1000 नौकरियों पर चलेगी छंटनी की तलवार! घाटे से उबरने के लिए बड़ा फैसला

यूरोप की दिग्गज एयरलाइन लुफ्थांसा बढ़ती जेट फ्यूल कीमतों और लगातार हो रहे घाटे के दबाव में करीब 1,000 नौकरियां खत्म करने की तैयारी कर रही है.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 20, 2026, 16:36 IST | Updated: Nov 20, 2026, 16:43 IST
Image Credit: कंपनी शॉर्ट और मीडियम हॉल उड़ानों की क्षमता घटाने के साथ अपने विमान बेड़े में भी बदलाव करेगी, ताकि लागत कम करके कारोबार को पटरी पर लाया जा सके। सोशल मीडिया
Join

यूरोप के सबसे बड़े एविएशन ग्रुप, डॉयचे लुफ्थांसा एजी (Deutsche Lufthansa AG) पर ईंधन की बढ़ती कीमतों का भारी दबाव है. इस दबाव को कम करने और अपनी घाटे में चल रही मुख्य एयरलाइन यूनिट की स्थिति सुधारने के लिए कंपनी 1,000 नौकरियां खत्म करने जा रही है.

ब्लूमबर्ग के मुताबिक, मैनेजमेंट की ओर से कर्मचारियों को भेजे गए एक पत्र में कंपनी ने बताया कि म्यूनिख और फ्रैंकफर्ट स्थित अपने हब में फुल-टाइम पदों की संख्या कम करेगी. लुफ्थांसा एयरलाइंस की योजना शॉर्ट-हॉल और मीडियम-हॉल रूटों पर अपनी क्षमता को और घटाने की है. साथ ही, कंपनी अपने एयरबस A320 विमानों के बेड़े को छोटा करके उनकी जगह छोटे A220 विमानों को शामिल करेगी. इस पत्र पर एयरलाइन के शीर्ष अधिकारियों (जिनमें मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेन्स रिटर भी शामिल हैं) के हस्ताक्षर हैं.

पिछले एक साल दूसरी बार छंटनी

ये कटौती पिछले एक साल से कुछ अधिक समय में दूसरी बार की जा रही है. ये एयरलाइन के मुख्य कारोबार को फिर से पटरी पर लाने में आ रही भारी कठिनाइयों को दर्शाती है. सितंबर 2025 में, ग्रुप ने बताया था कि उसकी योजना 2030 तक 4,000 प्रशासनिक पदों को खत्म करने की है.

फ्रैंकफर्ट में शुरुआती कारोबार के दौरान लुफ्थांसा के शेयरों में 1.7% तक की गिरावट आई है. लुफ्थांसा इन दिनों अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए अब तक का सबसे बड़ा अभियान चला रही है. जेट ईंधन की ऊंची कीमतों और मुख्य एयरलाइन के खराब प्रदर्शन का असर कंपनी के नतीजों पर पड़ रहा है. कंपनी पहले ही दो बार अपने सालाना कमाई के अनुमान को घटा चुकी है और उसका मानना ​​है कि 2027 में भी ईंधन का खर्च अधिक रहने वाला है.

ये भी पढ़ें : बैंड -बाजा -बारात और ₹600000 करोड़ का कारोबार...52 लाख शादियों से कैसे झूमेगा बाजार, इकोनॉमी को कितना फायदा?

लुफ्थांसा एयरलाइंस को पहले नौ महीनों में 180 मिलियन यूरो (197 मिलियन डॉलर) का ऑपरेटिंग घाटा हुआ है. मैनेजमेंट का कहना है कि उन्हें चौथी तिमाही में भी कोई खास कमाई होने की उम्मीद नहीं है.

'2026 में हमें पीछे धकेल दिया है'

मैनेजमेंट ने पत्र में लिखा, 'सुधार की कोशिशों के दो साल बाद, हमें यह मानना ​​होगा कि भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पहले उठाए गए कदम अब काफी नहीं हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'वास्तव में, 2026 में हमें पीछे धकेल दिया है मिडिल ईस्ट में युद्ध, लगातार ऊंची ईंधन कीमतें, नौ दिनों की हड़ताल और पहले से ही बहुत अधिक लागत ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है.'

ये कदम उस चुनौती को उजागर करते हैं, जिसका सामना मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कार्स्टन स्पोहर को कंपनी के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए करना पड़ रहा है. उन्होंने पहले कहा था कि समूह लुफ्थांसा से अपनी क्षमता का एक बड़ा हिस्सा 'डिस्कवर' और 'सिटी एयरलाइंस' जैसी किफायती एयरलाइनों में स्थानांतरित करने की योजना बना रहा है, जहां क्रू की लागत 40% तक कम हो सकती है.

लेबर यूनियनों के साथ चल रहा है विवाद

कंपनी के नए सुपरवाइजरी बोर्ड चेयरमैन, जोहान्स टेसेन ने इस साल की शुरुआत में कहा था कि खराब प्रदर्शन को सुधारने के लिए 'काफी बड़े प्रयासों' की जरूरत पड़ सकती है. ये कदम ऐसे समय में सामने आए हैं जब लुफ्थांसा पायलटों सहित लेबर यूनियनों के साथ चल रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रही है. हालांकि, अभी तक कोई समझौता नहीं हो पाया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES