10 महीने में 3.6 लाख करोड़ निकाले, नवंबर में अचानक बरसने लगा FPI का पैसा, क्या टिक पाएंगे विदेशी निवेशक?
विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में पिछले एक महीने के दौरान करीब एक लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है. पिछले 10 महीने से चल रही बिकवाली के बाद शेयर बाजार में अचानक एफपीआई के लौटने का कारण क्या है? सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ये निवेशक टिक पाएंगे?
पिछले काफी समय से विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से लगातार पैसा निकाल रहे हैं. लेकिन करीब एक महीने से विदेशी निवेशकों के रुख में बदलाव देखने को मिल रहा है. नवंबर 2026 में अचानक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) दलाल स्ट्रीट में जोरदार खरीदारी की है. लेकिन इस वापसी के पीछे देश की ग्रोथ स्टोरी से ज्यादा ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ट्रेड को लेकर बढ़ती चिंताएं मानी जा रही हैं. आंकड़ों के अनुसार 19 नवंबर 2026 तक एफपीआई (FPI) ने भारतीय बाजार में करीब एक लाख करोड़ का निवेश किया है. लंबे समय से चल रही बिकवाली के बीच यह बड़ा यू-टर्न है. इससे पहले जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से 3.6 लाख करोड़ रुपये (करीब 38 अरब डॉलर) निकाल लिए थे.
भारतीय बाजार में आ रहा निवेश ग्लोबल निवेशकों की बदलती पसंद को दिखा रहा है. निवेशक टेक-हेवी मार्केट से निकलकर ऐसे देशों के बाजार का रुख कर रहे हैं, जिन्हें AI ट्रेड के कमजोर पड़ने से फायदा हो सकता है. सितंबर 2024 के बाद से ग्लोबल निवेशक अमेरिका, ताइवान और साउथ कोरिया जैसे टेक और एआई बेस्ड मार्केट का रुख कर रहे थे. कंजम्प्शन पर टिकी इंडियन इकोनॉमी पर पूंजी निकासी का दबाव साफ दिखा. लेकिन अब दुनियाभर के निवेशकों की पसंद बदलती नजर अर रही है. यूएस मिडटर्म इलेक्शन में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के कांग्रेस के दोनों सदनों में कंट्रोल खोने के बाद AI ट्रेड के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.
सोना चढ़ा पर गिरा बाजार, सेंसेक्स 1000 अंक ये ज्यादा डूबा...कहां गायब हो गई शेयर मार्केट की तेजी ?
निवेशक टेक मार्केट से अलग ऑप्शन तलाश रहे
अमेरिकी मिड टर्म इलेक्शन में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत से यह उम्मीद बढ़ गई है कि घरेलू AI इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर्स और सेमीकंडक्टर कंपनियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी. इस डर से AI से जुड़ी कंपनियों के शेयर में बिकवाली शुरू हो गई. निवेशक ने टेक मार्केट से अलग दूसरे ऑप्शन तलाशने शुरू कर दिये. जानकारों के अनुसार इस माहौल के बीच भारतीय बाजार निवेशकों के लिए आकर्षक ठिकाने के रूप में उभर रहा है.
कच्चे तेल की नरमी से बढ़ा आकर्षण
विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ाने में क्रूड ऑयल के दाम में आई नरमी ने भी अहम भूमिका निभाई है. 100 डॉलर के पार पहुंचने वाला ब्रेंट क्रूड सप्लाई रुकने की चिंता कम होने के बाद घटकर 89 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है. इसलिए सस्ता क्रूड ऑयल देश के इम्पोर्ट बिल, महंगाई और चालू खाते के घाटे पर दबाव को कम करता है. इससे रुपये को सपोर्ट मिल रहा है और कंपनियों के प्रॉफिट पर पॉजिटिव असर पड़ता है. दुनिया के बाजार महंगे AI शेयर को लेकर दोबारा सोच रहे हैं, तब तेल की गिरती कीमत भारत को और बेहतर हालात में लाती हैं.
क्या भारतीय बाजार की वैल्यूएशन कम हो गई?
विदेशी पैसे की वापसी में वैल्यूएशन बड़ा फैक्टर है. भारतीय शेयरों में आई तेज गिरावट के बाद निफ्टी 50 और दूसरे अहम सूचकांक के वैल्यूएशन कोविड के दौर के निचले लेवल के करीब पहुंच गए हैं. इससे भारतीय शेयर बाजार ज्यादा आकर्षक दिखने लगे. ब्राजील और इंडोनेशिया जैसे उभरते बाजार अभी भी आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं. ऐसे में भारत 'एंटी-AI ट्रेड' के सबसे बड़े लाभार्थियों में उभरा है.
क्या विदेशी निवेशकों की स्थायी वापसी?
हालिया, निवेश के बावजूद जानकार इसे FPI के लौटने की शुरुआत और निवेश मानने से बचने की सलाह दे रहे हैं. मिडिल ईस्ट में जियो-पॉलिटिकल टेंशन बढ़ने पर क्रूड ऑयल फिर महंगा हो सकता है. इससे एक बार फिर से भारत जैसे तेल आयातक देशों के प्रति सेंटिमेंट बिगड़ सकता है. इसके अलावा, अगर ग्लोबल AI ट्रेड में दोबारा तेजी आई तो विदेशी पैसा फिर टेक शेयरों की तरफ मुड़ सकते हैं. घरेलू मोर्चे पर अल नीनो के कारण खाद्य महंगाई बढ़ने और ग्रामीण डिमांड में सुस्ती बने रहने का खतरा भी कंपनियों की कमाई पर असर डाल सकता है.