App

DNA: क्या सोना ₹1 लाख तक गिरेगा? 46 हजार रुपये सस्ता हुआ गोल्ड, जानें अब कितनी बाकी है गिरावट की गुंजाइश

सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट के बीच बड़ा सवाल है कि क्या सोना गिरकर 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ सकता है. अमेरिकी डॉलर की मजबूती, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका और मुनाफावसूली ने कीमतों पर दबाव बढ़ाया है.

DNA: क्या सोना ₹1 लाख तक गिरेगा? 46 हजार रुपये सस्ता हुआ गोल्ड, जानें अब कितनी बाकी है गिरावट की गुंजाइश
Image Credit: गोल्डमैन सैक्स को आने वाले वर्षों में सोने की कीमतों में रिकवरी की उम्मीद है | AI

Gold-Silver Price : इस सप्ताह से हमारे देश में शादियों का सीजन शुरू हो रहा है यानी जिस सीजन में ज्यादा से ज्यादा गोल्ड की खरीदारी होनी चाहिए. भाव बढ़ने चाहिए. वहां भाव घट रहे हैं और लगातार घट रहे हैं. इतनी तेजी से घट रहे हैं कि कई लोग अब पूछने लगे हैं कि क्या सोना. गिरकर 1 लाख तक आ जाएगा और ये गिरावट आ क्यों रही है? जिस सोने के बारे में कहावत है कि उसकी क़ीमत कम नहीं होती, वो पिछले 10 महीनों से उल्टी चाल चल रहा है और अब तो सोना इस साल के सबसे निचले स्तर पर आ गया है. 

सोने-चांदी के दाम में आज लगातार सातवें दिन गिरावट दर्ज की गई और आज सोने का भाव 1 लाख 30 हज़ार रुपये के नीचे आ गया.
 

आज सोने के दाम में करीब 1,500 रुपये की गिरावट

इस साल सोने का ये सबसे सस्ता भाव है. इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक आज सोने के दाम में करीब 1,500 रुपये की गिरावट आई. वहीं चांदी का भाव करीब 3,000 रुपये गिरकर 1 लाख 61 हज़ार के करीब पहुंच गया. सोने-चांदी के भाव में ये गिरावट इन दिनों देश के घर-घर की खबर है. क्योंकि जैसा कि हमने आपसे कहा- इसी सप्ताह से शादियों का सीजन शुरू हो रहा है. लाखों घरों में शादियां होंगी. करोड़ों लोग ऐसे होंगे जो अपने किसी सगे-संबंधी के यहां शादी में शामिल होंगे. 

सोने की खरीदारी हो रही होगी. अब जिन्होंने महंगी क़ीमत में ज्वैलरी खरीद ली, वो पछता रहे होंगे और जिन लोगों ने अभी तक सोना नहीं खरीदा है, उनके दिमाग में भी ये सवाल होगा कि क्या उन्हें अभी थोड़ा और रुक जाना चाहिए. सोचिए, ये अनिश्चितता उस गोल्ड को लेकर है जिसके बारे में कहा जाता है कि इसकी क़ीमत गिरती नहीं, बढ़ती है.

एक महीने में सोना करीब 16 हजार रुपये सस्ता 

पिछले महीने आज के दिन यानी 19 अक्टूबर को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 1,45,944 रुपये था और आज भाव 1 लाख 30 हज़ार रुपये से नीचे है यानी केवल एक महीने में सोना करीब 16 हजार रुपये या 11% सस्ता हो गया है. 

अगर सोने की ऑल-टाइम क़ीमत से इसकी तुलना की जाए तो ये गिरावट और ज़्यादा है. इस साल 29 जनवरी को 10 ग्राम सोने का भाव 1 लाख 76 हज़ार के पार चला गया था. उस समय से सोना 46 हज़ार रुपये यानी 26% सस्ता हो गया है.

चांदी का दाम तो सोने की तुलना में दोगुने से भी ज़्यादा गिरा है. 1 महीने पहले चांदी का भाव 2,09,467 रुपये था और आज चांदी का दाम 1,61,575 पर पहुंच गया. इस तरह 1 महीने में चांदी करीब 48 हज़ार रुपये यानी 23% सस्ती हो गई. वहीं, रिकॉर्ड भाव से तुलना करें तो 29 जनवरी के ऑलटाइम हाई की तुलना में चांदी की क़ीमत आधी भी नहीं रह गई है.

 

उस समय से चांदी का भाव 2 लाख 43 हज़ार रुपये यानी 60% सस्ता हो गया है. क़ीमत में ये गिरावट तब हो रही है, जब सरकार ने मई महीने में सोने-चांदी पर आयात शुल्क 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया था. सोचिए, अगर आयात शुल्क में बढ़ोतरी नहीं हुई होती तो आज के समय में दाम और कितना कम हो गया होता. जबकि इस साल के पहले महीने तक हालात बिल्कुल अलग थे. हर रोज़ सोने-चांदी की क़ीमत का नया रिकॉर्ड बन रहा था.
 

सोने की कीमत में करीब हुई थी 92% की बढ़ोतरी  


जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच यानी एक साल में सोने की कीमत में करीब 92% की बढ़ोतरी हुई थी. वहीं चांदी का दाम क़रीब 265% बढ़ा था. सोने-चांदी के दाम में गिरावट सिर्फ भारत में ही नहीं हो रही है. भारत अपनी जरूरत का 85% से ज़्यादा सोना विदेशों से आयात करता है. ऐसे में क़ीमत गिरने के पीछे लोकल नहीं बल्कि इंटरनेशनल फैक्टर ज़िम्मेदार है यानी अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में भी सोना गिर रहा है. एक महीने पहले सोने का अंतरराष्ट्रीय भाव 4,140 डॉलर प्रति औंस के क़रीब था. वहीं आज ये भाव गिरकर 3,735 डॉलर पर पहुंच गया है. इस तरह एक महीने में सोना क़रीब 10% सस्ता हो गया है.

वो कौन से कारण हैं जिसकी वजह से सोने-चांदी के दाम लगातार गिर रहे हैं?

सोने की मौजूदा गिरावट के पीछे सबसे बड़ा कारण है अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की आशंका. 9 दिसंबर यानी आज से 20 दिनों के बाद अमेरिका का सेंट्रल बैंक. फेडरल रिजर्व ब्याज दरों पर फैसला करने वाला है. बाज़ार को लगता है कि अमेरिका में बढ़ती महंगाई की वजह से फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में बढ़ोतरी करेगा. जब बैंक में ज़्यादा ब्याज मिलता है तो सोना निवेश के मामले में उतना आकर्षक नहीं रहता. इसी वजह से निवेशक सोने से पैसा निकालकर बॉन्ड में लगा रहे हैं.

अमेरिकी डॉलर की मजबूती

डॉलर 19 महीनों में सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का व्यापार डॉलर में होता है. इसलिए डॉलर महंगा होने पर दूसरे देशों के लिए सोना खरीदना महंगा पड़ता है और इससे सोने की मांग घटती है. कुछ निवेशक सोने में मुनाफ़ा वसूली भी कर रहे हैं यानी वो अपना सोना बेच रहे हैं. इससे बाज़ार में सोना ज़्यादा मात्रा में आ रहा है जिससे उसकी क़ीमत गिर रही है. दूसरी तरफ चांदी की क़ीमत में गिरावट का सबसे बड़ा कारण औद्योगिक मांग में कमी है. चांदी का इस्तेमाल गहनों, सिक्कों और बर्तन के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स और सोलर पैनल में भी होता है. चीन में इसकी बड़ी खपत है. लेकिन, चीन में इलेक्ट्रॉनिक सामानों के प्रोडक्शन की रफ़्तार धीमी पड़ने से चांदी की मांग पर सीधा असर पड़ा है.

ज्वैलर्स के लिए भी अच्छी खबर 

सोने की क़ीमत में गिरावट उन लोगों के लिए अच्छी खबर है, जो शादी के सीजन में खरीदारी करना चाहते हैं. जो लोग महंगे भाव की वजह से गहने नहीं खरीद रहे थे. उन्हें भी इससे राहत मिली है. इससे ज्वैलरी की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ेगी यानी ज्वैलर्स के लिए भी ये अच्छी खबर है. लेकिन जो लोग बेहतर रिटर्न की उम्मीद लगाकर सोने-चांदी में निवेश कर रहे हैं, उनके लिए ये बड़ा झटका है. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया के डेटा से पता चलता है कि जनवरी से अक्टूबर के बीच गोल्ड ETF में 49,399 करोड़ रुपये का निवेश आया. लेकिन, क़ीमत गिरने से गोल्ड ETF के निवेशकों को फिलहाल नुक़सान उठाना पड़ रहा है. उनका पैसा बढ़ने के बदले कम हो रहा है.

अमेरिका के अरबपति और मशहूर निवेशक रे डालियो के मुताबिक़- सोना संकट के समय निवेशकों का सबसे वफादार साथी है. जब बाकी सब कुछ डूब रहा होता है, तब सोना आपकी संपत्ति को संभाले रखता है. लेकिन 2026. गोल्ड के इतिहास में ऐसे साल के रूप में दर्ज होगा, जब सोना निवेशकों को सहारा नहीं दे सका. सोने में सबसे ज़्यादा गिरावट 1980 से 1982 के बीच हुई थी. उस समय भी ईरान संकट और महंगाई के कारण अमेरिका के फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी की थी. इस फैसले के बाद निवेशकों ने सोने से पैसा निकालना शुरू कर दिया. इसकी वजह से 2 साल से कम समय में सोने की क़ीमत में करीब 58% की गिरावट आई.

13 साल बाद एक बार फिर वही स्थिति..


2008 के आर्थिक संकट के दौरान भी सोने की क़ीमत में करीब 30% की गिरावट आई. अप्रैल 2013 में सोने की क़ीमत में 2 दिनों के भीतर 15% तक की गिरावट आई. इसे गोल्ड फ्लैश क्रैश कहा गया. इसकी वजह ये थी कि यूरोपीय देश साइप्रस अपने कर्ज़ को चुकाने के लिए सोने का भंडार बेचने पर विचार कर रहा था. अब 13 साल बाद एक बार फिर वही स्थिति है.

हालांकि, इसके बावजूद अमेरिका की मशहूर इन्वेस्टमेंट बैंकिंग कंपनी गोल्डमैन सैक्स ने उम्मीद जताई है कि सोना एक बार फिर वापसी करेगा. गोल्डमैन सैक्स के मुताबिक साल के अंत तक सोने का भाव 4,150 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच जाएगा यानी मौजूदा भाव से 11% ज़्यादा. वहीं, एक साल बाद यानी 2027 के अंत तक सोने का भाव 4,650 डॉलर तक पहुंच जाएगा यानी मौजूदा भाव से करीब 24% ज़्यादा.
जबकि 2028 तक सोने का भाव 5600 डॉलर तक जाएगा यानी अभी की तुलना में करीब 50% ज़्यादा.

गोल्डमैन सैक्स को उम्मीद है कि 9 दिसंबर को फेडरल रिज़र्व की तरफ़ से ब्याज दरों की घोषणा के बाद एक बार फिर दरों में कटौती का दौर शुरू होगा. इसके अलावा दुनिया भर के सेंट्रल बैंक सोने की खरीदारी कर रहे हैं. इससे सोने की मांग में तेज़ी आएगी. लेकिन सोने की क़ीमत को लेकर ये सिर्फ़ एक अनुमान है. पहले भी कई इन्वेस्टमेंट बैंक भविष्यवाणी कर चुके थे कि इस साल सोने की क़ीमत 5,000 डॉलर के पार चली जाएगी. जो फिलहाल 4,000 डॉलर भी नहीं है. इसलिए सोने में निवेश या खरीद को लेकर कोई भी फ़ैसला अपनी जरूरत के मुताबिक करना चाहिए न कि अनुमानों के आधार पर.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More