App

अमेरिका के बाद अब कनाडा ने गोल्डी बराड़ पर रखा ढाई लाख डॉलर का इनाम, मोस्ट वांटेड लिस्ट में नंबर-1

अमेरिका के बाद अब कनाडा ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की तलाश तेज कर दी है और उसे देश के 25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में नंबर-1 पर रखते हुए 2.5 लाख कनाडाई डॉलर का इनाम घोषित किया है.

अमेरिका के बाद अब कनाडा ने गोल्डी बराड़ पर रखा ढाई लाख डॉलर का इनाम, मोस्ट वांटेड लिस्ट में नंबर-1
Image Credit: अमेरिका के बाद अब कनाडा ने गोल्डी बर पर इनाम घोषित किया | Social media

Goldy Brar : अमेरिका के बाद अब कनाडा ने भी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की तलाश तेज कर दी है. अब गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. कनाडा ने गोल्डी बराड़ को देश के 25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल किया है. इतना ही नहीं, इस सूची में उसे पहले नंबर पर रखा गया है. 

उसकी गिरफ्तारी में सूचना देने वाले के लिए 2.5 लाख कनाडाई डॉलर के इनाम की घोषणा भी की गई है.

BOLO (बी ऑन द लुकआउट) प्रोग्राम ने गुरुवार को कनाडा के 25 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की अपनी अपडेटेड लिस्ट जारी की, जिसमें सतिंदरजीत सिंह (जिन्हें गोल्डी बरार के नाम से भी जाना जाता है) को सबसे ऊपर रखा गया है. बरार 20 सितंबर, 2023 को उत्तर-पश्चिम विनिपेग में 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में वांटेड है. पुलिस के अनुसार, वह लॉरेंस बिश्नोई क्राइम ग्रुप का एक उच्च-स्तरीय सदस्य है. कनाडाई सरकार ने पिछले साल इस समूह को एक आतंकवादी संगठन घोषित किया था.

250,000 डॉलर तक का इनाम

विन्निपेग पुलिस का कहना है कि बरार भारत में 2022 की एक हत्या के मामले में और अमेरिका में रैकेटियरिंग (अवैध गतिविधियों) के मामले में भी वांटेड है. उसके और उसके कथित सहयोगी, 26 वर्षीय करनबीर सिंह के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है. FBI ने बरार की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले के लिए 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर के इनाम की घोषणा की है. वहीं, BOLO प्रोग्राम कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर 250,000 डॉलर तक का इनाम दे रहा है.

विन्निपेग पुलिस सर्विस के डिप्टी चीफ कैम मैकिड ने बरार को बेहद खतरनाक व्यक्ति बताया है. उन्होंने कहा कि उससे जुड़ा खतरा किसी एक समुदाय, शहर या देश तक सीमित नहीं है. सितंबर से ही बरार FBI की 'टॉप 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों' की सूची में शामिल है. विन्निपेग पुलिस के मुताबिक, वो पहली बार 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा आया था.

बाहर बैठे अपराधियों पर शिकंजा कसने की जरूरत : अमित शाह

नई दिल्ली में राष्ट्रीय जांच एजेंसी के दो दिवसीय आतंकवाद-विरोधी सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत की सीमाओं के बाहर सक्रिय आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ समन्वित कार्रवाई करनी होगी. ऐसे लोगों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रत्यर्पण और दूसरे देशों के साथ सहयोग अहम है.

उन्होंने कहा कि विदेशों में बैठे अपराधी सीमा पार तस्करी, आपराधिक गतिविधियों और देश के भीतर अपने सहयोगियों के साथ संपर्क बनाए रखने में भूमिका निभा सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More