)
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का आगाज होते ही भारतीय टीम मैनेजमेंट सवालों के घेरे में आ गई है. गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने प्लेइंग-XI में रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को ड्रॉप कर दिया. इस मुद्दे पर पूर्व कोच रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर जैसे दिग्गजों ने बयान दिए और टीम मैनेजमेंट पर सवाल खड़े किए हैं. अब पूर्व क्रिकेटर आर अश्विन ने मैनेजमेंट को लताड़ा है. अश्विन ने बेबाक अंदाज में हेड कोच गौतम गंभीर पर निशाना साधा है.
अश्विन ने डंके की चोट पर कहा कि प्लेयर्स के साथ अनुचित व्यवहार किया जा रहा है. जडेजा और सिराज दोनों के ही आंकड़े शानदार हैं, इसके बाद भी उन्हें ड्रॉप किया गया. जडेजा के स्थान पर वाशिंगटन सुंदर जबकि सिराज की जगह अंशुल कंबोज को तरजीह दी गई है. अश्विन ने समझाया कि कैसे सिराज को बाहर करने के लिए एक महीने पहले से माहौल बनाया गया था.
अश्विन ने अपने यूट्यूब वीडियो में कहा, "सिराज को बाहर करने के लिए चर्चे सीरीज से पहले ही थे. एक सप्ताह पहले ही ऐसा माहौल क्यों बनाया गया? एक सप्तान ही नहीं बल्कि ये पिछले एक महीने से चल रहा था. पहले वह वनडे मैच से बाहर रहे और अब वर्ल्ड कप आ रहा है. इस समय क्या आपको सिराज की जरूरत नहीं है? क्या वक्त खत्म हो गया है, सिराज की जरूरत आपको कैसे नहीं है. 2023 वर्ल्ड कप में उन्होंने शानदार बॉलिंग की थी. लेकिन वो भी होगा, हैरान मत होना ये सिर्फ ट्रेलर है.
अश्विन ने समझाया कि सिराज टीम के लिए क्यों जरूरी हैं. उन्होंने कहा, "मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह का नाम नोट कर लो और फिर उसके बाद देखो कि टक्कर कहां है, मुझे समझ नहीं आ रहा. मुझे टीम के चयन को लेकर काफी हैरानी हुई. मिडिल ओवर्स में सिराज जैसे गेंदबाजों की जरूरत होती है, मैं नहीं कह रहा कि सिराज 5 विकेट लेंगे, लेकिन जब पुरानी गेंद से कुछ नहीं हो रहा होता है तो आपको मोहम्मद सिराज जैसे एटीट्यूड वाले गेंदबाज की जरूरत होती है."