App

एक वीडियो गेम ने भिड़ा दिए मोदी और कांग्रेस! GTA-5 से GTA-6 तक की कहानी में कैसे घुसी राजनीति?

GTA-6 की लॉन्चिंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पोस्ट ने कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी बहस छेड़ दी. गेमिंग, भारत के तकनीकी विकास और युवा वोटबैंक का मुद्दा चर्चा में आ गया.

एक वीडियो गेम ने भिड़ा दिए मोदी और कांग्रेस! GTA-5 से GTA-6 तक की कहानी में कैसे घुसी राजनीति?
Image Credit: AI की मदद से बनाई गई तस्वीर

पूरी दुनिया में इन दिनों दो चीजों की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है. नंबर एक- ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की मीटिंग और नंबर दो- वीडियो गेम GTA-6 की लॉन्चिंग. 13 साल लंबे इंतजार के बाद 19 नवंबर को वीडियो गेम GTA-6 दुनिया भर में लॉन्च हो गया. लॉन्चिंग के पहले दिन दुनिया में इस गेम को लेकर जबरदस्त दीवानगी देखने को मिली, लेकिन इस गेम की चर्चा सिर्फ गेमिंग की दुनिया तक सीमित नहीं रही. भारत में देश के दो सबसे बड़े राजनीतिक दल कांग्रेस और बीजेपी भी इस वीडियो गेम को लेकर आमने-सामने आ गए हैं. एक वीडियो गेम नेताओं के लिए उपलब्धि बनाम खतरे के नैरेटिव में बदल गया है.

इस पूरे विवाद की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पोस्ट से हुई. GTA-6, 19 नवंबर को लॉन्च हुआ. इस मौके पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने GTA-5 से लेकर GTA-6 की यात्रा को दर्शाते हुए लिखा- BETWEEN GTA-5 AND GTA-6, HERE IS HOW INDIA UPGRADED.

दरअसल, पीएम मोदी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो के अपग्रेड को प्रतीक बनाकर भारत के तकनीकी विकास की यात्रा को दर्शा रहे थे. इसी वजह से प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में इसरो के स्पेस प्रोग्राम से लेकर UPI जैसे तकनीकी मील के पत्थरों की तस्वीरें भी साझा की थीं.

कांग्रेस ने पीएम मोदी के ट्वीट पर उठाए सवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के तकनीकी अपग्रेड का संदेश दिया था, लेकिन विपक्षी कांग्रेस ने इस ट्वीट को निशाना बनाना शुरू कर दिया. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि प्रधानमंत्री ने नौजवानों तक पहुंच बनाने के लिए GTA-5 और GTA-6 की तस्वीरों को साझा किया है, लेकिन इस गेम में आपराधिक छवि वाले किरदार हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह कितना तर्कसंगत है.

GTA-5 और GTA-6 की रिलीज से कैसे जुड़ा राजनीतिक विवाद?

एक वीडियो गेम को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता की राजनीतिक बयानबाजी के पीछे एक दिलचस्प पहलू है. GTA-5 यानी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-5 वर्ष 2013 में रिलीज हुआ था. उस समय भारत में UPA की सरकार थी. वहीं GTA-6 वर्ष 2026 में रिलीज हुआ है. अब दिल्ली में NDA की सरकार है.

पीएम मोदी के ट्वीट को विपक्ष ने दो सरकारों की कार्यक्षमता में फर्क दिखाने का जरिया माना. इसी के बाद राजनीतिक वार-पलटवार का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ, जो लगातार आगे बढ़ता गया.

गेम खेलने वाले युवा और वोटबैंक का गणित

अब सवाल यह है कि आखिर एक वीडियो गेम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी का सिलसिला क्यों आगे बढ़ रहा है. इसका जवाब भारत में गेम खेलने वाले लोगों यानी गेम खेलने वाले मतदाताओं से जुड़ा है. इस मुद्दे को समझने के लिए भारत में गेम खेलने वाले आयु वर्ग के आंकड़ों पर नजर डालना जरूरी है.

हमारे देश में 18 से 24 साल की उम्र की आबादी में से 43 प्रतिशत वीडियो गेम खेलते हैं. वहीं 25 से 34 साल की आयु वाली आबादी में से 28 प्रतिशत वीडियो गेम से जुड़ी है. यानी 18 से 34 साल की आबादी का एक बड़ा हिस्सा गेम खेलना पसंद करता है. 18 साल की उम्र से ही भारत का नागरिक वोट डालने का अधिकार भी हासिल कर लेता है. यानी वीडियो गेम से जुड़ी आबादी वोटर्स का भी एक बड़ा हिस्सा है.

गेम खेलने वाले इन मतदाताओं का दायरा चुनावी रूप से कितना अहम है, इसे समझने के लिए देश की जेन-जी आबादी पर भी नजर डालनी चाहिए. जेन-जी उन नागरिकों को कहा जाता है, जिनका जन्म वर्ष 1997 से 2012 के बीच हुआ है.

हमारे देश में फिलहाल 40 करोड़ से ज्यादा जेन-जी हैं. इनमें से 33 करोड़ अगले साल यानी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में वोट डालने का अधिकार हासिल कर लेंगे. अगर 2029 के अगले आम चुनाव की बात करें, तो जेन-जी में से 38 करोड़ वोटर बन जाएंगे. यानी आज जो जेन-जी हैं, उनमें से 90 प्रतिशत अगले आम चुनाव में वोट डालेंगे. एक सर्वे के मुताबिक, शहरों में रहने वाले 80 प्रतिशत जेन-जी किसी न किसी रूप में गेमिंग से जुड़े हैं.

ये आंकड़े बताते हैं कि गेम खेलने वाला वर्ग वोटबैंक में भी बड़ा हिस्सा रखता है. इतना बड़ा मतदाता वर्ग चुनावी हवा और नतीजे दोनों को प्रभावित करने का माद्दा रखता है. इसी चुनावी फैक्टर की वजह से आज GTA-6 जैसा वीडियो गेम भी राजनीतिक बयानबाजी और चर्चा का मुद्दा बन गया है.

GTA-6 ने लॉन्चिंग के साथ बनाए रिकॉर्ड

GTA-6 ने अपनी लॉन्चिंग के साथ ही नए रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए हैं. लॉन्चिंग के पहले दिन गेम की कुल कमाई की पूरी जानकारी अगले दिन तक सामने आएगी, लेकिन गेमिंग की दुनिया के आंकड़े बताने वाली एजेंसी सेंसर टावर ने कुछ नई जानकारी साझा की है.

सेंसर टावर के मुताबिक, लॉन्चिंग के शुरुआती घंटों के अंदर GTA-6 की 1 करोड़ 70 लाख 70 हजार यूनिट बिक चुकी हैं. इस बंपर बिक्री से कंपनी को 15 हजार 381 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है. यह आंकड़ा हॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म एवेंजर्स: एंडगेम की पहले दिन की कमाई से भी ज्यादा है.

GTA-6 को प्ले स्टेशन और एक्सबॉक्स जैसे गेमिंग कंसोल पर खेला जाता है. GTA-6 की लॉन्चिंग की वजह से प्ले स्टेशन और एक्सबॉक्स की बिक्री में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. GTA-6 की लॉन्चिंग से सिर्फ प्ले स्टेशन की बिक्री के जरिए ही 8 हजार करोड़ रुपये के मुनाफे का अनुमान है.

GTA ने कैसे बदल दी स्कॉटलैंड के शहर डंडी की तस्वीर?

ग्रैंड थेफ्ट ऑटो सिर्फ एक वीडियो गेम नहीं है, बल्कि इस गेम ने एक पूरे शहर का कायाकल्प भी किया है. स्कॉटलैंड का डंडी एक औद्योगिक शहर हुआ करता था. 1980 से 1990 के बीच इस शहर की औद्योगिक गतिविधियों को नुकसान होना शुरू हो गया था, जिसके चलते डंडी में रोजगार कम हो गए थे.

वर्ष 1997 में DMA नाम की एक कंपनी ने डंडी में GTA का पहला एडिशन बनाया और यह गेम पूरी दुनिया में हिट हो गया. यहीं से डंडी का कायाकल्प शुरू हुआ. डंडी को स्कॉटलैंड के गेमिंग हब के तौर पर विकसित किया गया. इतना ही नहीं, डंडी की एक यूनिवर्सिटी ने दुनिया की पहली गेमिंग डिग्री भी लॉन्च की.

डंडी से गेमिंग का बिजनेस पूरे स्कॉटलैंड में फैला. आज स्कॉटलैंड में 130 गेम बनाने वाली कंपनियां हैं, जो सालाना 4 हजार करोड़ रुपये का बिजनेस करती हैं. यानी GTA नाम के एक वीडियो गेम ने स्कॉटलैंड की अर्थव्यवस्था में एक बड़ा और क्रांतिकारी बदलाव कर दिखाया.

भारत में 55 करोड़ लोग खेलते हैं वीडियो गेम

सिर्फ स्कॉटलैंड ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया समेत भारत में भी गेमिंग एक पूरी इंडस्ट्री की शक्ल ले चुकी है. आज दुनिया में भारत वीडियो गेम का दूसरा बड़ा बाजार बन चुका है.

भारत में तकरीबन 55 करोड़ लोग अलग-अलग किस्म के वीडियो गेम खेलते हैं. वर्ष 2025 के आंकड़ों के मुताबिक, देश में 2700 से ज्यादा गेम बनाने वाली कंपनियां हैं. इन कंपनियों के जरिए 1 लाख से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है.

भारत में गेमिंग की कुल वैल्यू तकरीबन 19,500 करोड़ रुपये है. यह आंकड़ा भारत की म्यूजिक, लाइव इवेंट और एनिमेशन इंडस्ट्री की आय से ज्यादा है.

इसलिए अगर अगली बार कोई व्यक्ति गेम खेलता या उसमें दिलचस्पी दिखाता नजर आए, तो यह तय करना सही नहीं होगा कि वह सिर्फ गेम में वक्त और पैसा खर्च कर रहा है. हो सकता है कि वह भारत की इस बड़ी गेमिंग इंडस्ट्री का हिस्सा हो. हालांकि, अगर कोई व्यक्ति वीडियो गेम खेलकर अपना समय बर्बाद कर रहा है, तो उसे समय का महत्व समझना भी जरूरी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Tahir Kamran

Tahir Kamran

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More