App

रेलवे का तोहफा, 13 घंटे में पूरा होगा बेंगलुरु से गोवा का सफर; चेक करें नया रूट, टाइमिंग और स्टॉपेज

अगर आप भी बेंगलुरु से गोवा तक के सफर के लिए फ्लाइट टिकट बुक कराते हो तो यह खबर पढ़कर आप खुश हो जाओगे. जी हां, बेंगलुरु से गोवा के बीच शुरू होने वाली वंदे भारत ट्रेन से आप इस सफर को 13 घंटे 20 मिनट में पूरा कर सकेंगे. आइए जानते हैं ट्रेन के स्टॉपेज और टाइमिंग के बारे में-

रेलवे का तोहफा, 13 घंटे में पूरा होगा बेंगलुरु से गोवा का सफर; चेक करें नया रूट, टाइमिंग और स्टॉपेज
Image Credit: (X) वंदे भारत एक्सप्रेस से यह सफर महज 13 घंटे में पूरा हो सकेगा.

गोवा का नाम सुनते ही आपके चेहरे पर मुस्कार आ गई होगी. लेकिन बेंगलुरू से गोवा का लंबा सफर हमेशा से थका देने वाला होता है. अगर आप भी बेंगलुरू से गोवा जाने के लिए फ्लाइट टिकट का शेड्यूल चेक करते हैं तो अब इसकी जरूरत नहीं है. जी हां, गोवा जाने के लिए फ्लाइट्स के महंगे टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी और न ही ट्रेन में पूरा दिन गंवाना पड़ेगा. रेलवे ने इस तरह की परेशानी को खत्म करने के लिए तैयारी कर ली है. रेलवे मिनिस्ट्री ने आधिकारिक तौर पर ट्रेन नंबर 26655 / 26656 यसंवतपुर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने की मंजूरी दे दी है.

नई सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन से रवाना होगी और गोवा के मडगांव तक का सफर महज 13 घंटे 20 मिनट में तय कर लेगी. ट्रेन को शुरू करने के साथ ही रेलवे ने एक और बड़ा बदलाव किया है. 30 अक्टूबर 2026 को जारी किये गए ऑफिशियल लेटर के अनुसार पहले से चल रही ट्रेन संख्या 20645 / 20646 मडगांव-मंगलुरु सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस को बंद कर दिया जाएगा. उसकी जगह नई और ज्यादा दूरी वाली यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट पर संचालित की जाएगी. इससे बेंगलुरु, कर्नाटक और गोवा जाने वाले यात्रियों को ज्यादा सहूलियत मिलेगी.

इन 12 स्टेशन पर रहेगा स्टॉपेज

नई वंदे भारत यशवंतपुर-मडगांव ट्रेन आपको तेजी से अपनी मंजिल पर पहुंचाती है. इसके जरिये कर्नाटक और गोवा के सबसे खूबसूरत टूरिस्ट और धार्मिक स्थलों को आपस में जोड़ा जाएगा. यह ट्रेन मंगलुरु जंक्शन के रास्ते मडगांव पहुंचेगी और रास्ते में 12 अहम स्टेशन पर रुकेगी. आइए देखने हैं इन स्टेशन की लिस्ट-

  • श्रवणबेलगोला
  • हसन
  • सकलेशपुर
  • सुब्रमण्य रोड
  • कबका पुत्तूर
  • मंगलुरु जंक्शन
  • उडुपी
  • कुंडापुरा
  • मूकांबिका रोड बिंदूर
  • मुरदेश्वर
  • गोकर्ण रोड
  • कारवार

आपको मुरदेश्वर का प्रसिद्ध शिव मंदिर देखना हो या गोकर्ण के खूबसूरत बीच पर घूमने का मन हो. सकलेशपुर की हरी-भरी वादियों का लुत्फ लेना हो, यह ट्रेन इस रूट पर चलने वाले यात्रियों के लिए शानदार साबित होगी.

ट्रेन की टाइमिंग और शेड्यूल

यदि आप भी अपनी अगली ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो इस ट्रेन के समय और दिनों को अच्छे से नोट कर लीजिए. यशवंतपुर से मडगांव के लिए ट्रेन नंबर 26655 सुबह 7:35 बजे यशवंतपुर स्टेशन से चलेगी. ट्रेन उसी दिन रात को 8:55 बजे मडगांव पहुंच जाएगी. ट्रेन को हफ्ते में 6 दिन रवाना किया जाएगा. इस ट्रेन को रेलवे की तरफ से बुधवार को ऑपरेट नहीं किया जाएगा. वापसी में ट्रेन नंबर 26656 (मडगांव से यसंवतपुर) सुबह 8:20 बजे मडगांव से रवाना होगी और रात 9:15 बजे यह यशवंतपुर पहुंचेगी. वापसी में भी ट्रेन 6 दिन चलेगी. गुरुवार को ट्रेन का मेंटेनेंस डे रहने के कारण यह नहीं चलेगी.

बेंगलुरु-मंगलुरु रूट का इलेक्ट्रेफिकेशन

नई वंदे भारत ट्रेन को चलाना बेंगलुरु-मंगलुरु रेलवे रूट का इलेक्ट्रिफिकेशन होने के बाद ही संभव हो सका है. रूट के इलेक्ट्रीफिकेशन का काम दिसंबर 2023 में शुरू किया गया था और यह दिसंबर 2025 में पूरी तरह बनकर तैयार हो गया. 28 दिसंबर 2025 को इस पर पहली बार इलेक्ट्रिक इंजन का ट्रायल किया गया. घाट सेक्शन में बिजली की लाइन बिछाना आसान नहीं था. इस पूरे रूट पर ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम लगाया गया है और 5 नए स्विचिंग स्टेशन बनाए गए. ट्रेनों की सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए दो खंभों के बीच की दूरी को 67.5 मीटर से ज्यादा नहीं रखा गया.

सकलेशपुर का घाट सेक्शन सुंदरता के साथ ही मुश्किल चढ़ाई और घुमावदार रास्तों के लिए जाना जाता है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की तरफ से यह इशारा दिया गया था कि घाट सेक्शन का इलेक्ट्रिफिकेशन पूरा होते ही वंदे भारत जैसी ट्रेनों को दौड़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि अब इस शानदार और चुनौतीपूर्ण रेलवे रूट पर आसानी से वंदे भारत ट्रेन को संचालित किया जा सकेगा. इस ट्रेन से सफर करने से आपका समय भी बचेगा और सफर भी ज्यादा आसान हो जाएगा. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More