)
New Vande Bharat Sleeper Train : देश में लंबी दूरी की रेल यात्रा को आसान बनाने के लिए दो नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत होने जा रही है. इनमें एक ट्रेन वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलेगी, जबकि दूसरी बेंगलुरु और मुंबई को जोड़ेगी. इन ट्रेनों से यात्रियों को रात में सफर करने और अगले दिन अपने गंतव्य तक पहुंचने का बेहतर विकल्प मिलेगा.
शनिवार यानी 31 अक्टूबर को 'वंदे भारत स्लीपर' ट्रेन की शुरुआत के साथ वाराणसी और दिल्ली के बीच रात भर की यात्रा के लिए एक नया विकल्प मिलने जा रहा है. भारत की दूसरी 'वंदे भारत स्लीपर' सर्विस इन दोनों शहरों को जोड़ेगी. इसमें पूरी तरह से वातानुकूलित (AC) कोच, यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं और रात भर की यात्रा की सुविधा मिलेगी. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
16 कोच वाली इस ट्रेन में 823 यात्रियों के बैठने की क्षमता है. ये ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी, जबकि शुक्रवार को इसकी सर्विस उपलब्ध नहीं रहेगी. इस ट्रेन को 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के लिए डिजाइन किया गया है, जबकि इसकी अधिकतम डिजाइन गति 180 किमी प्रति घंटा है. ये ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी.
#VandeBharatSleeper Coming Soon!! https://t.co/slBetxu2Ii
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) October 30, 2026
- वाराणसी: रात 8:50 बजे प्रस्थान
- प्रयागराज: रात 10:35 बजे आगमन, 10:40 बजे प्रस्थान
- कानपुर सेंट्रल: रात 12:40 बजे आगमन, 12:45 बजे प्रस्थान
- अलीगढ़: सुबह 3:55 बजे आगमन, 3:57 बजे प्रस्थान
- गाजियाबाद: सुबह लगभग 5:40 बजे आगमन, 5:42 बजे प्रस्थान
- नई दिल्ली: सुबह 6:10 बजे आगमन
- नई दिल्ली: रात 9:40 बजे प्रस्थान
- गाजियाबाद: रात 10:13 बजे आगमन, 10:15 बजे प्रस्थान
- अलीगढ़: रात 11:20 बजे आगमन, 11:22 बजे प्रस्थान
- कानपुर सेंट्रल: रात 1:55 बजे आगमन, 2:00 बजे प्रस्थान
- प्रयागराज: सुबह 5:05 बजे आगमन, 5:10 बजे प्रस्थान
- वाराणसी: सुबह 7:10 बजे आगमन
रेलवे बोर्ड ने बेंगलुरु और मुंबई के बीच भी 'वंदे भारत स्लीपर' ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है. वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के बाद पिछले सात दिनों में रेल मंत्रालय से मंजूरी पाने वाली ये दूसरी सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन है. ये ट्रेन 1 नवंबर को शुरू होगी. दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन इस ट्रेन का रखरखाव और संचालन करेगा. ये ट्रेन SMVT बेंगलुरु और CSMT मुंबई के बीच चलेगी.
बेंगलुरु-मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 27652 और 27651 के रूप में चलेगी और लगभग 16 घंटे में यह दूरी तय करेगी. अभी इस दूरी को तय करने में ट्रेनों को लगभग 22 से 24 घंटे से अधिक का समय लगता है.

ट्रेन नंबर 27652/27651 बेंगलुरु-मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस कलबुर्गी होकर चलेगी. यात्रा के दौरान ये ट्रेन आठ रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी. ये स्टेशन हैं अनंतपुर, गुंतकल, रायचूर, यादगीर, कलबुर्गी, सोलापुर, पुणे और कल्याण रहेंगे.
ट्रेन नंबर 27652 बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस SMVT बेंगलुरु से 19:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन 11:55 बजे CSMT मुंबई पहुंचेगी. ये ट्रेन सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी. वापसी की दिशा में ट्रेन नंबर 27651 मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस CSMT मुंबई से 20:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन 12:00 बजे SMVT बेंगलुरु पहुंचेगी. ये ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी.