)
गया रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर आरपीएफ (RPF) के एक जवान ने अपनी बहादुरी की मिसाल पेश की है. 'ऑपरेशन जीवन रक्षा' के तहत एक महिला यात्री की जान बचा ली गई है, जो चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गैप में फंसने वाली थी. गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान ने पलक झपकते ही अपनी जान की परवाह किए बिना महिला को खींच लिया. आइए देखते हैं हमारी इस रिपोर्ट में कि कैसे एक सेकंड की देरी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी.
तस्वीरें डराने वाली हैं, लेकिन अंत राहत भरा है. मामला पूर्व मध्य रेलवे के दीनदयाल उपाध्याय (DDU) मंडल के गया जंक्शन का है. 31 अक्टूबर 2026 को ट्रेन संख्या 13553 (आसनसोल-वाराणसी फास्ट पैसेंजर) गया स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर दोपहर करीब 2:22 बजे पहुंची थी. निर्धारित ठहराव के बाद जब ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी, ड्यूटी पर तैनात प्रभारी अधिकारी (प्र0आ0) सुजित कुमार सिंह ट्रेन की निगरानी कर रहे थे.
आरपीएफ जवान लगातार यात्रियों को चलती ट्रेन में न चढ़ने की हिदायत दे रहे थे. इसी दौरान, पार्सल कार्यालय के सामने मना करने के बावजूद तीन महिलाओं ने चलती ट्रेन में चढ़ने की जिद की. गाड़ी पकड़ने की जल्दबाजी में इनमें से एक महिला यात्री का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह सीधे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ी. देखते ही देखते वह तेज रफ्तार ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के खतरनाक गैप की तरफ फिसलने लगी. अगर थोड़ी भी देर होती, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था.
लेकिन कहते हैं न 'जाको राखे साइयां, मार सके न कोय'. ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान सुजित कुमार सिंह ने बिना एक पल गंवाए अपनी जान की बाजी लगा दी. उन्होंने अपनी परवाह किए बिना बिजली की फुर्ती दिखाई और गिर रही महिला को जोर से खींचकर सुरक्षित दूरी पर कर लिया. जवान की इस त्वरित सूझबूझ और अदम्य साहस से महिला की जान बाल-बाल बच गई. यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म के दिल्ली एंड पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है.
घटना के बाद जब महिला से पूछताछ की गई, तो उसने अपनी पहचान वहिदा के रूप में बताई, जो औरंगाबाद जिले के रफीगंज की रहने वाली हैं. उन्होंने बताया कि वे मिर्जा गालिब कॉलेज से क्लास करके अपने घर लौट रही थीं और यह लापरवाही उन पर भारी पड़ सकती थी. बहरहाल, आरपीएफ जवान सुजीत कुमार सिंह की इस कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की जान की हिफाजत के लिए हर पल तैयार है.