)
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी JTET 2026 का आयोजन आज (1 नवंबर, 2026) किया गया है. लंबे अंतराल के बाद हो रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. पूरे झारखंड में परीक्षा के लिए 986 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि राजधानी रांची में 101 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है. इस परीक्षा में 5.65 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ अधिकारियों की तैनाती की गई है.
आज प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 09:30 बजे से शुरू हो गई है, जो दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी. इस पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा ली जा रही है. वहीं, द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के अभ्यर्थी शामिल होंगे. सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है. केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध है.
प्रथम पाली की परीक्षा के लिए केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतार देखने को मिली. एक-एक करके उनकी जांच की गई और इसके बाद ही परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया. फिजिकल चेकिंग के साथ परीक्षा हॉल में वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है. वहीं, परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू है. पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह इकट्ठा होने और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल समेत कई गतिविधियों पर रोक है.
वहीं, जमशेदपुर में भी परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है. वहीं, सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. जमशेदपुर में जेटेट परीक्षा के लिए कुल 93 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. दोनों पालियों को मिलाकर करीब 40 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को लेकर शहर में सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं.
गिरिडीह में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शुरू हो गई है. जिले में 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है.