पटना में दिनदहाड़े फायरिंग: मैट्रिक का सर्टिफिकेट लेने गए 2 छात्रों पर गोलीबारी, एक की छाती में लगी गोली
मसौढ़ी में हाई स्कूल के बाहर बाइक सवार दो छात्रों को गोली मार दी गई. जख्मी हालत में अस्पताल में दोनों को भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि स्कूल से अपना मैट्रिक का प्रमाण पत्र छात्र लेने गए थे. गौरीचक थाना क्षेत्र में पियरिया हाई स्कूल के समीप ये घटना हुई.
बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी के गौरीचक थाना क्षेत्र स्थित पियरिया हाई स्कूल के समीप कुछ लोगों ने बाइक सवार दो युवकों को गोली मारकर जख्मी कर दिया. राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन उससे पूर्व ही परिजन अन्य ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल लेकर चले गए थे.
एक की छाती में लगी गोली
घटना 8 अक्टूबर, 2026 गुरुवार शाम तीन से चार बजे के बीच हुई. दोनों जख्मी युवक, आदित्य और सुमित, चंदासी गांव के रहने वाले हैं. इनमें सुमित पियरिया हाई स्कूल का छात्र था, जो अपने स्कूल से प्रमाणपत्र लेने गया था. उसके साथ उसके गांव का आदित्य भी था.
मैट्रिक सर्टिफिकेट लेने गए छात्र को गोली
पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई कि दोनों जैसे ही स्कूल से निकले, चार-पांच लोगों से उनका विवाद हो गया. इस दौरान उन पर गोली चलाई गई. गोली सुमित की छाती के समीप और आदित्य के हाथ में लगी, जिससे दोनों जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद सभी आरोपी पैदल ही फरार हो गए.
दोनों को अस्पताल लेकर चले गए स्थानीय लोग
आसपास के लोग इकट्ठा हुए और परिजनों को सूचित करते हुए दोनों को अस्पताल लेकर चले गए. बाद में सूचना मिलने पर गौरीचक थाना पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. मौके पर देर शाम तकनीकी और एफएसएल टीम भी पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस घटना की जांच में जुटी
पटना सदर के डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में रास्ते के विवाद की बात सामने आई है. पुलिस हर बिंदु पर छानबीन में जुटी है. दोनों जख्मी फिलहाल इलाजरत हैं.
बताया जा रहा है कि सुमित का इलाज मेदांता अस्पताल, जबकि आदित्य का इलाज गौरीचक स्थित नारायणा अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने घटनास्थल पर FSL टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं. परिजनों से आवेदन लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
रिपोर्ट : प्रभंजन सिंह