App

'9 महीने से फर्जी मंत्री को बैठा रखा है, संविधान को कूड़े में फेंक दिया', तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर बड़ा हमला

राजद नेता तेजस्वी यादव ने मंत्री अशोक चौधरी पर 'फर्जी मंत्री' होने का आरोप लगाया. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर बिहार सरकार और सम्राट चौधरी पर निशाना साधा.

'9 महीने से फर्जी मंत्री को बैठा रखा है, संविधान को कूड़े में फेंक दिया', तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर बड़ा हमला
Image Credit: तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर बड़ा हमला (File- Photo)

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर 19 नवंबर गुरुवार को जमकर निशाना साधा. साथ ही सीएम सम्राट चौधरी पर मंत्री अशोक चौधरी के मामले को लेकर तगड़ा प्रहार किया. तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि बिहार सरकार ने संविधान को फाड़कर कूड़े के ढेर में फेंक दिया है. 9 महीनों से एक फर्जी मंत्री को सरकार में बैठा रखा है और वह अवैध मंत्री हर प्रकार के अवैधानिक कार्यों में संलिप्त है.

राजद नेता तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि लोकभवन ने एक ही व्यक्ति के एक साथ तीन पदों (मंत्री, सहायक प्राध्यापक और विधान पार्षद) पर रहने पर गहरी आपत्ति जताई है. संविधान के स्पष्ट निर्देशों और नियमों के विपरीत मंत्री की सहायक प्राध्यापक के पद पर नियुक्ति हुई. 

उन्होंने लिखा कि स्थापित प्रावधानों, प्रक्रियाओं और नियमों की संचिका को फाड़कर, कानून की धज्जियां उड़ाते हुए नियुक्ति के अगले दिन ही फर्जी मंत्री प्रोबेशन पीरियड के दौरान लंबी अवधि की अनिश्चितकालीन छुट्टियों पर चले गए. विश्वविद्यालय के सेवा नियमों के अनुसार वह छुट्टी ले ही नहीं सकते और न ही अनिश्चितकाल के लिए छुट्टियां स्वीकार हो सकती हैं.

 

 

तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में डॉ. अशोक चौधरी पर निशाना साधते हुए आगे लिखा कि लाभ के पद के प्रावधानों के अनुसार अविलंब उनकी सदस्यता रद्द कर धोखाधड़ी के मामले में सजा होनी चाहिए. 'ऑफिस ऑफ प्रॉफिट' केस में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के अनुसार वेतन या भत्ता लेना मायने नहीं रखता, बल्कि सदन का सदस्य रहते हुए लाभ का दूसरा पद स्वीकार करना ही अवैध है और सदस्यता उसी क्षण समाप्त मानी जाएगी.

अपनी पोस्ट के लास्ट में तेजस्वी यादव ने लिखा कि ऐसे फर्जी मंत्री को एक मिनट भी पद पर रहने का अधिकार नहीं है. चौपट राज के अज्ञानी मुख्यमंत्री को कुछ पता नहीं, मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर हर जगह संविधान की अवहेलना की जा रही है. हम इस मामले को लेकर ऊपर तक जाएंगे.

बता दें कि इससे पहले राजद ने बिहार सरकार में मंत्री डॉ. अशोक चौधरी के मामले को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस 18 नंवबर बुधवार को पटना में किया था. इस दौरान राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने लियन मामले को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More