App

'बिहार में एक खास जाति को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा': पटना में अनिल यादव पर फायरिंग को लेकर तेजस्वी यादव का बड़ा आरोप

पटना में अनिल यादव पर फायरिंग को लेकर तेजस्वी यादव ने बड़ा आरोप लगाया है. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में एक खास जाति को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है. तेजस्वी के बयान पर वार-पलटवार भी शुरू हो गया है.

'बिहार में एक खास जाति को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा': पटना में अनिल यादव पर फायरिंग को लेकर तेजस्वी यादव का बड़ा आरोप
Image Credit: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)

पटना के बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकारम में बुधवार (23 सितंबर, 2026) 'मां सुखिया महल' अपार्टमेंट के बेसमेंट में बाइक सवार तीन हमलावर घुसे और अनिल कुमार यादव पर गोलियां चला दीं. अनिल कुमार यादव पूर्व पार्षद हैं और मौजूदा पार्षद के पति हैं. घटना के समय वे अपने समर्थकों के साथ बैठे थे. उन्हें पांच गोलियां लगीं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है. वहीं, तेजस्वी यादव उनका हाल चाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधा.

तेजस्वी ने सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा- 'भाजपा के शासनकाल में पूरे प्रदेश में प्रतिदिन बेखौफ तरीके से गोलियां चलाई जा रही है. दिनदहाड़े घर के अंदर घुसकर छह-सात गोलियां मार दी गईं. यह कोई मामूली घटना नहीं है, एक खास जाति को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है.

तेजस्वी ने कहा- 'भाजपा के शासन में लगातार लोगों को गोली मारी जा रही है. बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है. हमलावर घरों में घुसकर दिन-दहाड़े लोगों को गोली मार रहे हैं, चाहे वे युवा लड़कियां हों या जन-प्रतिनिधि. आप हालात का अंदाज़ा लगा सकते हैं. अगर राजधानी पटना में ही जन-प्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर कौन सुरक्षित है? अनिल जी हमारे पुराने परिचित थे और शुरू से ही हमारे साथ जुड़े हुए थे. उन्हें उनके ही घर के अंदर छह-सात बार गोली मारी गई. यह कोई मामूली घटना नहीं है, प्रशासन को इस मामले का पूरा संज्ञान लेना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिले। फिर भी, सत्ता में बैठे लोग बेपरवाह दिखते हैं.'

'अपराध तो अपराध है साहब'
वहीं, कांग्रेस के प्रवक्ता शिशिर कौण्डिल्य ने तेजस्वी के बयान पर कहा कि अपराधी किसी भी जाति का हो या अपराध का शिकार कोई भी जाति का व्यक्ति बने, अपराध तो अपराध है साहब. जिस प्रकार से बिहार में वारदात हो रही है, तो हम लोग तो पूर्व से ही कहते रहे हैं कि सम्राट चौधरी जी, बिहार क्राइम कैपिटल बन चुका है और आपसे बिहार संभल नहीं रहा. जो स्थितियां उत्पन्न हुई हैं, उससे साफ है कि सरकार और पुलिस का इकबाल जो है, वो बिहार में बिल्कुल खत्म हो चुका है और अपराधियों का तांडव लगातार जारी है.

'अपराधियों को बख्शा नहीं जाता'
BJP विधायक संजय गुप्ता ने तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती है. ना तो जाति पूछकर अपराध किए जाते हैं, ना ही जाति पूछकर किसी को पकड़ा जाता है. यह सम्राट चौधरी जी की सरकार है, जहां अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाता है, बल्कि उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाती है. लालू-राबड़ी जी के शासन में, मैं पूछना चाहता हूं तेजस्वी यादव जी से, आपके माता-पिता जी के शासन में जो अपराधी अपराध करते थे, वो सीएम हाउस में जाते थे और वहां समझौता होता था.'

संजय गुप्ता ने आगे कहा- 'तेजस्वी यादव जी, मैं आपसे यह भी पूछना चाहता हूं कि क्या जमुई कांड में जिस प्रकार से घृणित कांड हुए, जिस प्रकार समाज को कलंकित करने वाले काम हुए, एक भी अपराधी ऐसा पकड़ा गया है जो उस अपराध में नहीं शामिल था? आज भी जो पार्षद पति के यहां घटना हुई है, उसमें भी सभी अपराधी जो होंगे, पुलिस इन्वेस्टिगेट कर रही है, उसको पकड़ा जाएगा.'

'अपराधी सिर्फ अपराधी होता है'
जदयू की प्रवक्ता अंजूम आरा ने कहा- 'पटना की घटना बहुत ही दुखद है, इसपर हम अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं. लेकिन मैं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जी से एक आग्रह करूंगी कि अपराध जैसे विषय पर वो अपनी राजनीतिक रोटी सेंकना बंद करें. मैं स्पष्ट शब्दों में बता देती हूं कि हमारी सरकार में अपराधी सिर्फ अपराधी होता है, उसका कोई जाति या धर्म नहीं होता. जब हमारी पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करती है, तो तेजस्वी यादव को बुरा क्यों लगता है? क्या वह उन्हें बचाने का काम कर रहे हैं?'

रिपोर्ट: रूपेंद्र श्रीवास्तव

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More