)
रोहतास जिला के दिनारा में बीते रात मां भलुनी भवानी देवी स्थान में 'मां भलुनी भवानी महोत्सव' के दौरान भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह प्रोग्राम में बवाल हो गया. दरअसल, पवन सिंह की तरफ से महोत्सव के मंच पर द्विअर्थी और अश्लील गाना गाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने विरोध जाताया और जमकर हंगामा किया. इस दौरान पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज भी किया.
मिली जानकारी के अनुसार, भोजपुरी कलाकार और भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी पवन सिंह 'मां भलुनी भवानी महोत्सव' में मंच से कई गाने गाए. हालांकि, जब उन्होंने द्विअर्थी गाना गया, तो वहां मौजूद लोगों ने जमकर हंगामा. लोगों के हंगामे को देखते हुए सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने लाठी भांजी, जिसमें कई दर्शकों को चोटें भी लगी है.
बता दें कि रोहतास जिला के दिनारा के भलुनी भवानी देवी स्थान में पहली बार राजकीय समारोह के रूप में महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें कई नामचीन कलाकार उपस्थित हुए. भोजपुरी सिनेमा इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह ने भक्ति गीत से शुरुआत की, लेकिन बाद में जब वह अश्लील और जातिवादी द्विअर्थी संवाद वाले गीत गाने लगे, तो हंगामा शुरू हो गया.
'मां भलुनी भवानी महोत्सव' में पवन सिंह को देखने आए लोगों ने इसका खुलकर विरोध किया. पुलिस ने जब लोगों पर लाठियां भांजनी शुरू की, तो वह भागने लगे. इस दौरान कार्यक्रम में रखी कई कुर्सियों को भीड़ ने तोड़ दिया. पुलिस ने लोगों को लाठी मार-मारकर खदेड़ा.
.इसके अलावा अन्य गायक भी इस धार्मिक स्थान पर द्विअर्थी गीत गाते देखे गए. पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया. इस दौरान लाठी भी चटकानी पड़ी, जिससे हंगामे में कई कुर्सियां भी टूट गईं. थोड़ी देर के लिए महोत्सव में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन बाद में मामला शांत हुआ. स्थानीय विधायक आलोक सिंह की पहल पर पहली बार यह महोत्सव आयोजित किया गया था.
रिपोर्ट: अमरजीत यादव