)
पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से तगड़ा झटका लगा है. गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई के आदेश को रद्द कर दिया गया है. सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के फैसले को निरस्त कर दिया है. बिहार सरकार ने आनंद मोहन को समय से पहले जेल से रिहा कर दिया था.
बता दें यह मामला 1994 का है. उस समय गोपालगंज में जी कृष्णैया जिलाधिकारी के रूप में तैनात थे. मुजफ्फरपुर के भगवानपुर इलाके से गुजर रहे थे तभी भीड़ ने हमला कर दिया था. भीड़ द्वारा पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी गई थी. मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का आरोप था. इतना ही नहीं आनंद मोहन दोषी भी ठहराए गए थे. वहीं, पूर्व सांसद की रिहाई के आदेश के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा. सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई के आदेश को रद्द कर दिया है. न्यायिक समीक्षा और कानूनी दलीलों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के उस फैसले को निरस्त कर दिया, जिसके तहत आनंद मोहन को समय से पहले जेल से रिहा किया गया था. अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया भी सामने आई है.
इस फैसले के बाद उन्हें एक बार फिर से कानून की प्रक्रिया का सामना करते हुए जेल वापस जाना होगा. वहीं, RJD ने सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का स्वागत किया है. आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने आनंद मोहन की रिहाई पर रोक लगा दी है और यह कहा है कि जेल मैनुअल में जो बदलाव किए गए हैं, वे बिना स्टडी के किए गए हैं. यह मान्य नहीं होगा. दोबारा आनंद मोहन को जेल जाना ही होगा. न्यायालय के किसी फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं होती है.
वहीं, जेडयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला दिया है, आनंद मोहन के प्रकरण पर मैं इतना ही कहना चाहूंगा कि भारत की महान न्यायपालिका का हम सभी सम्मान करते हैं. उनके फैसलों पर कभी कोई टीका-टिप्पणी पार्टी नहीं करती रही है. यह फैसला शिरोधार्य है और हम इसे स्वीकार करते हैं.
कांग्रेस के पूर्व विधायक आनंद शंकर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया है हम लोग लॉ एंड ऑर्डर को मानने वाले व्यक्ति हैं, लेकिन हम लोगों को पहले से ही यह लग रहा था कि कुछ न कुछ होगा ऐसा, क्योंकि जिस तरीके से सरकार की नीतियों के खिलाफ मुखर थे, आनंद मोहन तो हम लोगों को पहले से लग रहा था कि कुछ न कुछ होगा. अब सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया है, तो फैसले पर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. सोच-समझकर फैसला दिया होगा.
बीजेपी के पूर्व विधायक पवन जायसवाल ने कहा कि उच्चतम न्यायालय का निर्णय है, उस पर तो कोई टीका-टिप्पणी नहीं की जा सकती है, लेकिन आनंद मोहन हमारे शिवहर लोकसभा से सांसद रहे हैं, अभी लवली आनंद हमारी क्षेत्रीय सांसद हैं. हम लोगों के लिए यह दुखद खबर है, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय का कोई अगर आदेश है, तो उस पर कोई टीका-टिप्पणी हम लोग नहीं कर सकते."
नीतीश कुमार सरकार ने कौन सा कानून बदला था?
जानकारी के मुताबिक, पूर्व सांसद आनंद मोहन को जेल से रिहा करने के लिए तत्कालीन नीतीश कुमार सरकार ने बिहार जेल नियमावली, 2012 (Bihar Prison Manual, 2012) के नियम 481(1)(a) में संशोधन किया था. इसके बाद 10 अप्रैल 2023 को अधिसूचना जारी की गई. इसमें उस प्रावधान को हटा दिया गया, जिसके तहत "ड्यूटी पर तैनात सरकारी अधिकारी की हत्या" के दोषियों को सजा में छूट (remission) नहीं मिल सकती थी. इस नियम में बदलाव के बाद आनंद मोहन समेत करीब दो दर्जन कैदियों की समय से पहले रिहाई का रास्ता खुला था. कोर्ट ने इस संशोधन को अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन करने वाला बताया.