App

लंदन को पछाड़कर दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंचा NSE! भारतीय शेयर बाजार ने रचा इतिहास

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने मार्केट कैप के मामले में लंदन स्टॉक एक्सचेंज को पीछे छोड़कर दुनिया के तीसरे सबसे बड़े एक्सचेंज का स्थान हासिल कर लिया है.

लंदन को पछाड़कर दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंचा NSE! भारतीय शेयर बाजार ने रचा इतिहास
Image Credit: एक्सचेंज के शेयरों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही। AI

Indian Stock Market : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) गुरुवार को बाजार पूंजीकरण (मार्केटकैप) में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज बन गया. इसने लंदन स्टॉक एक्सचेंज (एलएसई) को पीछे छोड़ दिया है. एलएसईजी के आंकड़ों के अनुसार, एनएसई का बाजार पूंजीकरण लगभग 5.86 लाख करोड़ रुपए रहा, जबकि लंदन स्टॉक एक्सचेंज का बाजार पूंजीकरण 5.77 लाख करोड़ रुपए था.

तीसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज 

एक्सचेंज के शेयरों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही. नवंबर में अब तक 18 कारोबारी सत्रों में से 14 सत्रों में शेयर में बढ़त दर्ज की गई है, जिससे यह 2,400 रुपए के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया. अक्टूबर महीने में हाल ही में सूचीबद्ध हुए एनएसई के शेयर में 34 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई थी.

दोपहर 1 बजे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया के शेयर 67 रुपए या 2.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,385 रुपए पर कारोबार कर रहे थे. पिछले कारोबारी सत्र में शेयर 2,317.65 रुपए पर बंद हुआ था. शेयर अपने लिस्टिंग के बाद के निचले स्तर 1,640 रुपए से भी करीब 50 प्रतिशत उछल चुका है. यह स्तर इसके आईपीओ इश्यू प्राइस 1,785 रुपए से नीचे था.

सीएमई ग्रुप 111.6 अरब डॉलर के बाजार पूंजीकरण के साथ पहले स्थान पर

वैश्विक रैंकिंग में सीएमई ग्रुप 111.6 अरब डॉलर के बाजार पूंजीकरण के साथ पहले स्थान पर है, जबकि इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज 99.4 अरब डॉलर के बाजार पूंजीकरण के साथ दूसरे स्थान पर है. एनएसई ने लंबे इंतजार के बाद 24 सितंबर को बीएसई पर शेयर बाजार में अपनी शुरुआत की थी. इसके शेयर 1,785 रुपए के इश्यू प्राइस के मुकाबले 0.84 प्रतिशत के प्रीमियम पर 1,800 रुपए पर सूचीबद्ध हुए थे। कारोबार के दौरान शेयर 1,876.70 रुपए तक पहुंच गया था.

एनएसई के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आशीष कुमार चौहान ने इससे पहले नवंबर में निवेशकों को जल्द मुनाफा कमाने की कोशिश से बचने और पर्याप्त जानकारी के बिना वायदा एवं विकल्प (एफएंडओ) में कारोबार नहीं करने की सलाह दी थी.

1990 के दशक के आखिर में इंटरनेट क्षेत्र में आई तेजी से तुलना करते हुए चौहान ने कहा कि मौजूदा एआई आधारित निवेश चक्र में 1998-2000 के डॉट-कॉम बूम जैसी समानताएं हैं. चौहान ने उन निवेशकों के लिए म्यूचुअल फंड और पेशेवर निवेश सेवाओं की सिफारिश की, जिनके पास बाजार की गतिविधियों, कंपनियों और आर्थिक घटनाक्रमों पर नजर रखने के लिए पर्याप्त समय या विशेषज्ञता नहीं है। इनमें फंड मैनेजर, वित्तीय सलाहकार और पोर्टफोलियो मैनेजर शामिल हैं.

(IANS के इनपुट के साथ)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More