App

मुजफ्फरपुर में रेनू हत्याकांड का खुलासा: भाई ने दोस्त के साथ मिलकर किया था बहन की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में प्रेम विवाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से नाराज भाई पर बहन रेनू की गला दबा कर हत्या कर दी. पुलिस ने मात्र 10 दिनों के अंदर हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी भाई मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.

मुजफ्फरपुर में रेनू हत्याकांड का खुलासा: भाई ने दोस्त के साथ मिलकर किया था बहन की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Image Credit: रेनू हत्याकांड में पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार (zee media)

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में प्रेम विवाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक युवती को महंगा पड़ गया. आरोप है कि इससे नाराज भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही बहन रेनू की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पास झाड़ी में फेंककर फरार हो गया. पुलिस ने 10 दिनों के अंदर रेनू हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतका के भाई मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. घटना 7 अक्टूबर की है, जब कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर रेलवे गुमटी के किनारे झाड़ी से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया था. बाद में शव की पहचान सादतपुर निवासी हरेंद्र राय की बेटी रेनू के रूप में हुई.

सोशल मीडिया पर फोटो डालने से भाई नराज

मृतका रेनू ने करीब नौ महीने पहले अपनी मर्जी से रामपुर हरि निवासी प्रिंस नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद रेनू ने विवाह की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे. आरोप है कि इसी बात से उसका भाई मनीष नाराज था. इसी नाराजगी में उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर रेनू की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे गुमटी के किनारे झाड़ी में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया. युवती का शव मिलने की सूचना पर कांटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था.

पुलिस ने मनीष को किया गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान मिले तकनीकी सबूत के आधार पर पुलिस को मृतका के भाई की संलिप्तता का पता चला. इसके बाद पुलिस ने मनीष कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बहन की हत्या करने की बात स्वीकार की. पुलिस ने गिरफ्तार मनीष की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है. पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है.

दूसरे आरोपी की तलाश जारी

पूरे मामले पर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ पश्चिमी-1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने तकनीकी सबूतों के अधार पर कार्रवाई करते हुए मृतका के भाई मनीष कुमार को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर रेनू की हत्या करने की बात स्वीकार की है. ग्रामीण SP के अनुसार, घटना में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

रिपोर्ट: मणितोष कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More