Patna News: राजधानी पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के आनंदपुरी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डायमंड बॉयज हॉस्टल में शनिवार को 19 वर्षीय छात्र सत्यम झा का शव फंदे से लटका मिला. मृतक छात्र हॉस्टल में रहकर जेईई (JEE) की तैयारी कर रहा था. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने सबसे पहले छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. शुरुआती छात्र की मौत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों और मृतक के परिजनों से भी घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है.
मृतक छात्र के पिता के अनुसार, हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्र अपने घर चले गए थे, जबकि सत्यम वहीं रुका हुआ था. उसके पिता ने भी उसकों घर आने के लिए बोला था, लेकिन सत्यम का कहना था कि दो दिनों के बाद उसकी क्लास शुरू होने वाली है. इसी वजह से वह हॉस्टल में ही रुक गया था. शनिवार की सुबह पिता ने बेटे को फोन किया, लेकिन कई बार फोन करने के बाद भी कोई जवाब नही मिला. इसके बाद पिता खुद हॉस्टल पहुंचे. वहां पहुंचने के बाद उन्होंने बेटे को फंदे से लटका हुआ देखा. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई.
पुलिस और एफएसएल की शूरुआती में इंस्टाग्राम या किसी डेटिंग ऐप के जरिए ब्लैकमेलिंग किए जाने की एंगल से भी जांच कर रही है. पुलिस छात्र के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि उसकी मौत के पहले किससे बात हुई इसकी जानकारी मिल सके.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. एफएसएल के सीनियर साइंटिस्ट अनिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. फिलहाल छात्र की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस जांच पूरी होने और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही मौत की वजह सामने आने की बात कह रही है.
रिपोर्ट: प्रकाश कुमार सिन्हा