App

नदी में डूब रहे थे 3 बच्चे, बचाने कूदा युवक और सभी की हो गई मौत, हादसे से हिल गया भोजपुर

भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के समीप सोन नदी में स्नान करने गए तीन बच्चों समेत चार लोगों की डूबने से मौत हो गई. हादसे की वजह से कई परिवार शोक की लहर में डूब गए.

नदी में डूब रहे थे 3 बच्चे, बचाने कूदा युवक और सभी की हो गई मौत, हादसे से हिल गया भोजपुर
Image Credit: भोजपुर में नदी में स्नान करने गए तीन बच्चों समेत चार लोगों की डूबने से मौत (Photo- वीडियो ग्रैब)

बिहार के भोजपुर जिला में 17 अक्टूबर, 2026 दिन शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. जिले के संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के समीप सोन नदी में स्नान करने गए तीन बच्चों समेत चार लोगों की डूबने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि तीन बच्चों को नदी में डूबता देख करीब 25 वर्षीय एक युवक उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा. गहरे पानी में जाने के कारण वह युवक भी डूब गया और उसकी भी मौत हो गई.

वहीं, इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया. गांव में चीत्कार मच गई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी. सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद नदी से चारों बच्चों के शव को बरामद कर लिए गया है. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई.

मृतकों में 10 से 15 वर्ष की उम्र के तीन बच्चे और करीब 25 वर्षीय एक युवक शामिल है. घटना की गंभीरता को देखते हुए संदेश प्रखंड के बीडीओ बिनेश कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं.

सोन नदी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं. जिन घरों में कुछ देर पहले तक सामान्य माहौल था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है. एक साथ चार लोगों की मौत से तीर्थकौल गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.

राघोपुर नाव दुर्घटना के बाद कार्रवाई का दौर जारी

बता दें कि 13 अक्टूबर, 2026 को राघोपुर में नाव दुर्घटना में 13 बच्चों की मौत हो गई थी. अब इस मामले में वैशाली जिला प्रशासन कार्रवाई कर रही है. नाव दुर्घटना के दौरान घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के क्रम में उनके परिजनों और आम नागरिकों को उपचार संबंधी पर्याप्त जानकारी नहीं दे पाने के मामले को जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने गंभीरता से लिया है, जिसके तहत प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को उनके दायित्व से मुक्त किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है.

इसके साथ ही वैशाली सिविल सर्जन की तरफ से राघोपुर के पीएचसी प्रभारी डॉ. प्रवीण कुमार को तत्काल प्रभाव से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के दायित्व से मुक्त करते हुए सदर अस्पताल हाजीपुर में प्रतिनियुक्त कर दिया है. जबकि, डॉ. मनीष कुमार झा को अगले आदेश तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर का प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है और यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

रिपोर्ट: मनीष सिंह

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More