)
Patna News: बिहार की राजधानी पटना में ट्रैफिक व्यवस्था को स्मार्ट और सुरक्षित बनाने की कवायद तेज हो गई है. यतायात पुलिस शहर के 17 प्रमुख चौराहों और जंक्शन पर पहली बार अपने स्तर से आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल और हाई-कैपेसिटी कैमरे लगाने जा रही है. इसके लिए परिवहन विभाग ने यातायात पुलिस को 8 करोड़ रुपये दिए हैं. नए सिग्नल के साथ आधुनिक कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिनसे चौराहों पर वाहनों की आवाजाही ट्रैफिक दबाव और नियमों के उल्लंघन पर नजर रखी जा सकेगी.
स्मार्ट कैमरों से जाम और ट्रैफिक नियमों की निगरानी होगी आसान
इन स्मार्ट कैमरों की मदद से राजधानी पटना में जाम की स्थिति से निपटने में ट्रैफिक पुलिस को मदद मिलेगी. साथ ही जो भी चालक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करेगा उसपर निगरानी रखना भी आसान होगा. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि आधुनिक सिग्नल और कैमरे लगने से शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात नियंत्रण को बेहतर तरीके से किया जा सकेगा.
पटना के 17 प्रमुख चौराहों पर लगेंगे नए ट्रैफिक सिग्नल
शहर में मलाही पकड़ी, मछुआ टोली, मीठापुर बाइपास, जगनपुर मोड़, रूपसपुर पश्चिमी छोर, करबिगहिया मोड़ गोलंबर, शहीद चौक, आर ब्लॉक चौराहा, गायघाट पुल के नीचे, अटल पथ-अशोक राजपथ इंटरसेक्शन, आरएन सिंह दक्षिणी, आयुक्त कार्यालय-जेपी गंगा पथ तिराहा, जीरो माइल, गायघाट-जेपी गंगा पथ यू-टर्न, जीपीओ गोलंबर और नाला रोड समेत 17 स्थानों पर नए सिग्नल लगाए जाएंगे.
शहर में पहले से लगे हैं 31 सिग्नल
राजधानी पटना में पहले से ही 31ट्रैफिक सिग्नल लगे हुए हैं, जिन्हें पटना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत स्थापित किया गया था. इनमें आयकर गोलंबर के पास मेट्रो निर्माण कार्य और एयरपोर्ट गेट व अनिसाबाद मोड़ के पास सड़क निर्माण कार्य के कारण कुछ सिग्नल फिलहाल बंद हैं. ट्रफिक पुलिस के अनुसार, 17 प्रमुख स्थानों पर नए आधुनिक सिग्नल और कैमरे लगाए जाने से ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
रिपोर्ट: शिवम राज