App

नेपाल में भारी बारिश से बढ़ा कोसी का जलस्तर, 3.5 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने की आशंका, प्रशासन अलर्ट

Bihar Flood Alert: नेपाल के बराह क्षेत्र में भारी बारिश के बाद कोसी नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि की संभावना है. कोसी बराज से फिलहाल 1.84 लाख क्यूसेक से अधिक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है. संभावित खतरे को देखते हुए नेपाल और सुपौल प्रशासन ने तटीय व निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.

नेपाल में भारी बारिश से बढ़ा कोसी का जलस्तर, 3.5 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने की आशंका, प्रशासन अलर्ट
Image Credit: नेपाल में भारी बारिश से बढ़ा कोसी का जलस्तर, 3.5 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने की आशंका, प्रशासन अलर्ट

Bihar Flood Alert: नेपाल के बराह क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद कोसी नदी के जलस्तर में व्यापक वृद्धि की संभावना जताई जा रही है. इसे लेकर नेपाल के सुनसरी जिला पुलिस प्रशासन ने कोसी नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने बताया कि सप्त कोसी की सहायक नदियों में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे कोसी नदी के जलस्तर में भी तेजी से वृद्धि हो सकती है. नेपाल प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

इधर, देर शाम कोसी बराज पर भी नेपाल प्रहरी की ओर से माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया गया. कोसी नदी में पानी बढ़ने की संभावना को देखते हुए तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है. बताया जा रहा है कि बराह क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण कोसी नदी में लगातार पानी बढ़ रहा है.

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम 6 बजे कोसी बराज से 1 लाख 84 हजार 785 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया, जो बढ़ते क्रम में है. फिलहाल कोसी बराज के 20 फाटक खोले गए हैं. सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में कोसी बराज से करीब 3 से 3.5 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने की संभावना है. इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग और सुपौल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है.

सुपौल के डीएम सावन कुमार ने कहा कि कोसी में पानी बढ़ने की संभावना को देखते हुए तटबंध के अंदर रहने वाले लोगों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने का निर्देश दिया गया है. अभियंताओं को तटबंधों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है. डीएम ने लोगों से घबराने और पैनिक करने से बचने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं और स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.

रिपोर्ट: सुभाष झा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More