App

1,50,00,000 रुपए की स्मैक हेलमेट में छिपाकर ले जाई जा रही थी खगड़िया, नवगछिया में धर लिए गए 2 तस्कर

भागलपुर जिला के नवगछिया में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है. हेलमेट में छिपाकर ले जा रहे 1.5 करोड़ रुपए कीमत की 1.126 किलोग्राम स्मैक को पकड़ लिया. साथ ही दो तस्कर को भी गिरफ्तार किया है.

1,50,00,000 रुपए की स्मैक हेलमेट में छिपाकर ले जाई जा रही थी खगड़िया, नवगछिया में धर लिए गए 2 तस्कर
Image Credit: नवगछिया पुलिस ने 1.126 किलोग्राम ब्राउन शुगर के साथ दबोचे दो तस्कर (Photo-AI)

बिहार में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. 13 नवंबर शुक्रवार को भागलपुर की नवगछिया पुलिस ने ब्राउन शुगर यानी स्मैक तस्कर के खिलाफ बहुत बड़ी कार्रवाई की है. मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 1 किलो 126 ग्राम ब्राउन शुगर यानी स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है. गिरफ्तार दोनों तस्कर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले हैं. पुलिस के मुताबिक, दोनों मोटरसाइकिल से स्मैक की खेप लेकर पूर्णिया की ओर से आ रहे थे और इसे नवगछिया के रास्ते खगड़िया पहुंचाने की तैयारी थी.

दरअसल, नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर नारायणपुर की ओर जा रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया. टीम ने मकंदपुर चौक के समीप वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान पूर्णिया की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई.

तलाशी के दौरान दोनों युवकों के हेलमेट के अंदर छिपाकर रखी गई 1 किलो 126 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. पुलिस ने मौके से मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र के रहने वाले रूहुल मोमिन और अजीज मोमिन को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मालदा से स्मैक की खेप लेकर खगड़िया जा रहे थे. इस मामले में गोपालपुर थाना में कांड संख्या 396/26 दर्ज किया गया है.

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. वहीं, नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पिछले पांच महीने के दौरान पुलिस ने कुल 4 किलोग्राम स्मैक बरामद करने के साथ 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स यानी ANTF का भी गठन किया गया है.

अब पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. सवाल यह है कि मालदा से खगड़िया तक फैले इस नशे के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा पुलिस की आगे की जांच में हो सकता है.

रिपोर्ट: अश्वनी कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More