App

सिर और सीने में दागी गोलियां, बदमाशों ने बाइक समेत शव को फेंका, मुजफ्फरपुर में ट्रांसपोर्टर की हत्या

मुजफ्फरपुर में शुक्रवार की शाम बाजार गए ट्रांसपोर्टर की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि सिर और सीने में दो गोलियां मारी गईं. हत्या के बाद शव को बाइक समेत पुल के नीचे फेंका दिया गया. वह छठ पूजा में शामिल होने असम के दीमापुर से गांव आया था.

सिर और सीने में दागी गोलियां, बदमाशों ने बाइक समेत शव को फेंका, मुजफ्फरपुर में ट्रांसपोर्टर की हत्या
Image Credit: मुजफ्फरपुर में ट्रांसपोर्टर की हत्या (Photo-AI)

असम के दीमापुर से छठ पूजा में शामिल होने मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर हजारी पहुंचे ट्रांसपोर्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक छोटेलाल कुमार घर से शुक्रवार की शाम को समय बाजार गया था, तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. बदमाशों ने उसके सिर और सीने में गोली मारी है. इसके बाद बदमाशों ने उसका शव और उसकी R15 बाइक को माधोपुर हजारी वार्ड संख्या-2 स्थित पांच भंवरी पुल के नीचे फेंक दिया और फरार हो गए. 

घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. गोलीबारी की घटना की जानकारी मिलते ही साहेबगंज थाना पुलिस के साथ डीएसपी अभिजीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जांच के लिए एफएसएल (FSL) टीम के साथ खुद जांच-पड़ताल कर रही हैं.

परिजनों ने बताया कि छोटेलाल घर से यह कहकर गया था कि वह बाजार जा रहा है. इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उसे अपना निशाना बनाया और गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि 22 वर्षीय मृतक छोटेलाल के पिता गिरधारी राय किसान हैं और वह असम के दीमापुर में रहकर ट्रांसपोर्ट का काम करता था, जो छठ पूजा में शामिल होने के लिए गांव आया हुआ था. 

छोटेलाल की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है. वहीं, परिजनों ने किसी से दुश्मनी या विवाद की कोई जानकारी न होने की बात कही है.

पूरे मामले को लेकर एसडीपीओ अभिजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार की शाम साहेबगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर हजारी गांव में एक व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी गई है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया है. पुलिस मृतक के पास से मिले मोबाइल की जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना की वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है. फिलहाल, गोली किसने और किस कारण से मारी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होंगे.

रिपोर्ट: मणितोष कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More