App

मुजफ्फरपुर में बांध टूटने से मची तबाही: दर्जनों गांवों में घुसा बाढ़ का पानी, पूरी रात बांध पर तैनात रही पुलिस

Muzaffarpur Flood: मुजफ्फरपुर के पारू प्रखंड के जयमल डुमरी में बांध टूटने के बाद बाढ़ का पानी तेजी से दर्जनों गांवों में घुस गया. कई घरों में कमर से ऊपर तक पानी भर गया, जिसके बाद लोग बच्चों और बुजुर्गों को लेकर ऊंचे स्थानों पर पहुंचने लगे. प्रशासन पूरी रात बांध पर गश्त कर लोगों की सुरक्षा का जायजा लिया.

मुजफ्फरपुर में बांध टूटने से मची तबाही: दर्जनों गांवों में घुसा बाढ़ का पानी, पूरी रात बांध पर तैनात रही पुलिस
Image Credit: मुजफ्फरपुर में बांध टूटने से मची तबाही, दर्जनों गांवों में घुसा बाढ़ का पानी (zee media)

Muzaffarpur Flood: बिहार के कई जिलों में गंडक का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है. मुजफ्फरपुर के पारू प्रखंड के जयमल डुमरी में बांध टूटने के बाद स्थिति और ज्यादा भयावह हो गई है. दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया, ऐसे में लोग अब पलायन करने पर मजबूर हो गए हैं. इस बाढ़ की स्थिति में लोग ऊंचे स्थानों पर अपना ठिकाना बना रहे हैं. हालांकि, बहुत सारे ऐसे परिवार हैं, जिनके घरों में बाढ़ का पानी आ जाने के बाद वे सामान घर में ही छोड़कर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर ऊंचे स्थान पर चले आए हैं. यहां तक कि उन्होंने घरों में कुंडी तक नहीं लगाई.

बांध टूटते ही गांव में मची अफरा-तफरी
पारू प्रखंड के जयमल डुमरी में जैसे ही बांध टूटा, उसके बाद तेजी से सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी घुस गया. पानी की रफ्तार इतनी तेज थी गांव वाले आनन-फानन में घरों से अपना सामान निकालकर ऊंचे स्थानों पर पहुंचने लगे. पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि महज कुछ ही देर में घरों में कमर से ऊपर तक पानी भर गया. कई घरों के लोगों को निकलने तक का मौका नहीं  मिला और लोग अंदर ही फंस गए हैं. जिन्हें NDRF की टीम निकालने में जुटी रही.

बीते 70 से 80 साल में इस तरह का बाढ़ नहीं आया
जिधर नजर जा रही थी, उधर पानी ही पानी नजर आ रहा था.अभी भी कई इलाके ऐसे हैं, जहां लोग फंसे हुए हैं. कुछ ग्रामीणों का कहना है कि बीते 70 से 80 साल में इस तरह का बाढ़ नहीं आया था. ग्रामीणों ने बताया कि अब ऊंचे बांध ही उनका ठिकाना है. लोगों की सुरक्षा को लेकर सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, नगर आयुक्त ऋतुराज सिंह, एसडीएम वेस्ट स्नेहा कुमारी, SDPO सरैया अभिजीत कौर सहित पुलिस लाइन से पहुंची पुलिस की टीम पूरी रात लोगों की सुरक्षा में बांध पर तैनात रही.

बांध पर बाइक से गश्त
सिटी SP मोहिबुल्लाह अंसारी और नगर आयुक्त ऋतुराज सिंह  बाइक से बांध पर गश्त करते हुए लोगों का हालचाल जानते रहे. उन्होंने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया. वहीं, बाढ़ प्रभावित इलाकों में अभी भी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

रिपोर्ट: मणितोष कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More