)
जनता दल यूनाइटेड (JDU) का नाम बदलकर 'जनता दल नीतीश' करने की चर्चा के बीच बिहार सरकार के मंत्री जमा खान ने इस प्रस्ताव का पुरजोर समर्थन किया है. जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा की तरफ से लाए गए इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताते हुए जमा खान ने कहा कि वे इस फैसले के साथ हर तरह से मजबूती से खड़े हैं.
'हम अपने नेता को दिलोदिमाग से मानते हैं'
एक साक्षात्कार के दौरान जब उनसे जदयू का नाम बदलने और मंत्री श्रवण कुमार द्वारा इसके समर्थन किए जाने पर सवाल पूछा गया, तो जमा खान ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने जो प्रस्ताव रखा है, हम उसका पूर्ण समर्थन करते हैं. हम अपने नेता को दिलोदिमाग से मानते हैं. नीतीश कुमार ने बिहार के सम्मान को पूरे देश और दुनिया में बढ़ाने का अभूतपूर्व काम किया है. उनके जैसे नेता के लिए हम जो भी काम करें, वह कम ही पड़ेगा.
'हम अपने नेता के काम और विचारों के साथ पूरी निष्ठा से खड़े हैं'
वहीं, राजद (RJD) और विपक्षी दलों द्वारा जदयू का अस्तित्व समाप्त होने के दावों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षियों का काम केवल विरोध करना है. वे कभी सरकार या मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की तारीफ नहीं कर सकते. जमा खान ने तंज कसते हुए कहा कि अगर हम सोने की ईंटें भी लगवा देंगे, तब भी विरोधी अच्छा नहीं कहेंगे. जनता सब जानती है और हम अपने नेता के काम और विचारों के साथ पूरी निष्ठा से खड़े हैं.
संजय कुमार झा ने ‘जनता दल नीतीश’ करने का प्रस्ताव रखा
जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पार्टी के नाम में नीतीश जोड़ने का प्रस्ताव रखा है. नीतीश संवाद यात्रा के दौरान खगड़िया में एक मंच से संजय झा ने यह बात कही.
रिपोर्ट: नरेंद्र जायसवाल