)
देश की राजधानी दिल्ली में एक नवंबर दिन रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर को लेकर इंडिया गठबंधन रैली करेगा. विपक्ष के इस विरोध प्रदर्शन और महारैली पर बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने तीखी प्रतिक्रिया दी. कैमूर पहुंचे मंत्री जमा खान ने मीडिया से बातचीत के दौरान विपक्ष के इस कदम को पूरी तरह से जनविरोधी और देशहित के खिलाफ बताया है.
मंत्री जमा खान ने कहा कि वे हमेशा से यह बात कहते रहे हैं कि इस तरह की रैलियों और आंदोलनों से आम जनमानस को काफी तकलीफ होती है और व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे विरोधी साथी हमेशा ऐसे ही कारनामे करते रहते हैं, क्योंकि उन्हें धरातल पर कोई काम करना नहीं है.
बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि हम लोग जनता के बीच काम करने के नाम पर जाने जाते हैं, जबकि विपक्ष के लोग सिर्फ रैली और आंदोलन करके देश का नुकसान करते हैं. यही मुख्य वजह है कि अब देश और प्रदेश की जनता के मन में उनके प्रति कोई प्रेम नहीं रहा है और लोग उन्हें सत्ता में नहीं देखना चाहते हैं.
दिल्ली के व्यापारियों की तरफ से दीपावली के पर्व को देखते हुए रैली टालने के आग्रह से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि त्योहार के इस महत्वपूर्ण समय में ऐसे प्रदर्शनों से देश-प्रदेश के व्यापारियों को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. इसके साथ ही आम लोगों को भी आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा.
विपक्ष पर जमा खान ने तंज कसते हुए कहा कि देश को आजादी मिली है और लोकतंत्र में सभी को स्वतंत्रता है, इसलिए वे जो चाहें कर सकते हैं, लेकिन त्योहार के समय इस तरह का आंदोलन करना कतई देश के हित में नहीं है.
रिपोर्ट: नरेंद्र जायसवाल