App

मधुबनी में खुली गुमटी से गुजरी सुपरफास्ट ट्रेन, टला बड़ा हादसा, गेटमैन की लापरवाही उजागर

बिहार के मधुबनी में राजनगर के पास ललित लक्ष्मीपुर हॉल्ट पर बड़ा ट्रेन हादसा टल गया. आरोप है कि स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट ट्रेन के गुजरने के दौरान रेलवे गुमटी खुली थी. बताया जा रहा है कि गेटमैन ट्रेन का हॉर्न सुनकर जागा और बाद में फाटक बंद किया.

मधुबनी में खुली गुमटी से गुजरी सुपरफास्ट ट्रेन, टला बड़ा हादसा, गेटमैन की लापरवाही उजागर
Image Credit: मधुबनी में खुली गुमटी से गुजरी सुपरफास्ट ट्रेन (वीडियो ग्रैब)

बिहार के मधुबनी में रेलव की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां एक बड़ा ट्रेन हादसा होते-होते टल गया. राजनगर के पास ललित लक्ष्मीपुर हॉल्ट पर खुली रेलवे गुमटी से स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट ट्रेन पूरी रफ्तार में गुजर रही थी. ट्रेन के गुजरने के दौरान रेलवे फाटक बंद नहीं था. गेटमैन की लापरवाही के कारण उस गुमटी से गूजरने वाले वाहन और पैदल जाने वाले लोग भी हादसे के चपेट में आ सकते थे. गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ट्रेन के हॉर्न से खुली गेटमैन की नींद

मिली जानकारी के अनुसार, रात के समय स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट ट्रेन हॉल्ट से गुजर रही थी. इस दौरान गेटमैन ने रेलवे गुमटी बंद नहीं की थी. बताया जा रहा है कि गेटमैन सो गया था और ट्रेन के हॉर्न की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली. इसके बाद उसने गुमटी बंद की, लेकिन तब तक ट्रेन का अधिकांश हिस्सा वहां से गुजर चुका था. गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.

खुली गुमटी से गुजरी ट्रेन

इस घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कथित तौर पर खुली गुमटी से तेज रफ्तार में ट्रेन गुजरती दिखाई दे रही है. वहीं, ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद गेटमैन रेलवे फाटक बंद करता नजर आ रहा है. हलांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि जी मीडिया नहीं करता है. बताया जा रहा है कि ट्रेन को आते देख कई बाइक सवार रुक गए थे, जिससे संभावित हादसा टल गया.

रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट ट्रेन जो कि जयनगर से नई दिल्ली के बीच चलती है. इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और गेटमैन की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सवाल यह है कि ट्रेन के गुजरने के दौरान रेलवे फाटक खुला कैसे रह गया? यदि उस समय कोई भारी वाहन या अन्य यात्री रेलवे ट्रैक पार कर रहे होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था. अब देखना होगा कि रेलवे इस कथित लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है.

रिपोर्ट: बिंदु भूषण

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More